न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। सादाबाद सीएचसी पर बुधवार की दोपहर जमकर हंगामा हुआ। एक महिला मरीज ने डॉक्टर के थप्पड़ जड़ दिया और कैंची से भी मारने की कोशिश की। डॉक्टर और इस मरीज के बीच काफी देर तक नोंकझोंक, कहासुनी और तूतू, मैं-मैं हुई। मौके पर काफी मरीजों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। इस संबंध में चिकित्सक ने थाने में तहरीर दी है।
चिकित्साधिकारी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाए गए कि वह रोजाना की तरह ओपीडी में बैठकर मरीजों को देख रहा था, इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी बेटी को साथ लेकर उसे दिखाने आया। इस युवती ने बताया कि उसके पैर में तकलीफ है, जिसके लिए उसने ओपीडी पर्चे पर दवाएं लिखीं और एक्सरे कराने को कहा।
इसी दौरान व्यक्ति उग्र हो गया और तबादला कराने और अस्पताल से बाहर निकल कर देखने की धमकी देने लगा। इसी बीच इस व्यक्ति की बेटी ने उनके थप्पड़ मार दिया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। यही नहीं इस युवती ने टेबिल पर रखी कैंची को उठाकर मारने की कोशिश की। इधर, इस विवाद की सीएचसी पर काफी चर्चा रही।