क्राइम डेस्क,अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के बन्नादेवी इलाके की डूडा कॉलोनी में बुधवार देर शाम बसपा के एक जोन इंचार्ज की भतीजी के साथ एक शख्स ने छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए।
आरोप है कि विरोध पर मारपीट कर मां और छोटी बहन को भी घायल कर दिया। बाद में पूर्व विधायक व बसपा नेता जमीरउल्लाह और बाबा फरीद आजाद के साथ बन्नादेवी थाने पहुंच पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है।
आरोप है कि शाम करीब छह बजे वह घर के आंगन में बैठी थी। तभी पड़ोस में रहने वाला राजू घर में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध पर मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए।
चीख पुकार सुनकर पहुंची मां और छोटी बहन ने विरोध किया तो आरोपित शख्स ने तीनों पर हमला कर घायल कर दिया। धमकियां देकर भाग निकला। इंस्पेक्टर बन्नादेवी जितेंद्र दीखित ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।