क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पुराने नोट भले ही 14 महीने पहले बंद हो चुके हैं, लेकिन इन पुराने नोटों को देश भर में कहीं न कहीं खपाए जाने की खबरें मिलती रहती हैं, लेकिन अलीगढ़ में भी पुराने नोट खपाए जाने की चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। उम्मीद है कि बुधवार को पुलिस इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है। इस सिलसिले में मंगलवार देर रात कई जगह पुलिस दबिश देती रही।
पुराने नोट खपाए जाने की खबर पर पुलिस सक्रिय हो गई है। उसे इस बारे में कई एजेंसियों से इनपुट मिल रहे थे। इनपुट के सहारे पुलिस ने पुराने नोट कहां खपाए जा सकते हैं, शक की बुनियाद पर पुलिस रात भर दबिश देती रही।
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पुराने नोट कहां से और किस मद में आ रहे हैं। मगर, पुलिस इस मामले की तफ्तीश में इनपुट मिलने के साथ जुट गई थी।
बहरहाल, पुलिस की दबिश के चक्कर में अलीगढ़ में सनसनी फैली रही। अलबत्ता, पुलिस के अगली दबिश की टोह भी लेते रहे। उधर, पुलिस बुधवार को करोड़ों रुपये के पुराने नोट खपाए जाने का खुलासा कर सकती है। अधिकारी अभी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।