क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पालीमुकीमपुर इलाके के एक गांव से एक किशोरी को पड़ोसी गांव का युवक गांव के लोगों की मदद से फुसलाकर ले गया है। इस संबंध में पुलिस को सूचना भी दे दी गई है। बावजूद इसके आरोपियों की गिरफ्तारी या किशोरी की बरामदगी नहीं हो पा रही और आरोपी मोबाइल से फोन कर पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।
इसे लेकर पीड़ित पक्ष के परिजन काफी संख्या में एकत्रित होकर एसएसपी दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत में वह नंबर भी दिया, जिससे उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
इस पर एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द मामले में कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही सीओ अतरौली को प्रकरण में गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए और सर्विलांस को भी नंबर की जांच के निर्देश दिए हैं।