क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
ऑपरेशन शूटआउट में अपने साथी के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा 20 हजार का ईनामी लुटेरा फजलू अकराबाद क्षेत्र में पेट्रोल पंप लूट के इरादे से घूम रहा था। पूछताछ में लुटेरे ने पुलिस को बताया कि पूर्व में चल रहे मुकदमे में उसे कोर्ट में आत्मसमर्पण करना था, लेकिन उसके पास रुपये नहीं थे। इसलिए वह पेट्रोल पंप लूट के इरादे से घूम रहा था, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गुरुवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बुधवार की दोपहर में पिलखना-गंगीरी रोड स्थित कौड़ियागंज चौराहे के पास मुठभेड़ में 20 हजार के इनामी लुटेरे फजलू पुत्र शाहबुद्दीन निवासी नगला भूरा सासनी हाथरस व उसके साथी ताहिर निवासी बुढ़ासी हरदुआगंज को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में फजलू पैर में गोली लगने के कारण घायल हो गया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह क्षेत्र में पेट्रोल पंप लूट की फिराक में घूम रहे थे। वह वारदात को अंजाम देते इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गुरुवार को पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। यहां से दोनों के जेल भेज दिया गया। एसओ अकराबाद विनोद कुमार ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया है कि वह क्षेत्र में पेट्रोल पंप लूट की फिराक में थे। फजलू को कोर्ट में सरेंडर करना था, लेकिन उसके पास रुपये नहीं थे। इसलिए वह लूट करके कोर्ट में सरेंडर कर जेल चला जाता।
20 हजार के ईनामी साथी की तलाश में जुटी पुलिस
20 हजार के ईनामी लुटेरे फजलू को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर पुलिस अब उसके साथी बिन्नामी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। पुलिस के अनुसार फजलू का साथी बिन्नामी भी 20 हजार का ईनामी बदमाश है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जो कि गिरफ्तारी के लिए दबिश देने में जुटी हुई है।