क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पुलिस के ऑपरेशन शूटआउट के क्रम में गुरुवार तड़के एक और उपलब्धि जुड़ गई। महानगर के सासनी गेट झम्मनलाल सरिया मिल कंपाउंड के मनोज शर्मा के ट्रांसपोर्ट से मुरादाबाद जा रही पीतल की मूर्तियों का लोडर संभल में लुटने और दो दिन बाद लोडर हरदुआगंज इलाके में खाली लावारिस हालत में मिलने के बाद से पुलिस को मुखबिरी मिलने लगी थी।
वजह थी इस माल को बेचने के इरादे से बदमाश इधर से उधर संपर्क कर रहे थे। अंत में सौदा सिकंदराबाद में हुआ। जैसे ही सटीक सूचना मिली, पुलिस ने गैंग को दबोच लिया। हां, यह उम्मीद पुलिस को भी न थी कि इसी गैंग से बन्नादेवी के एक्सपोर्टर की लूट और 24 घंटे पहले इगलास में हुई डकैती भी खुल जाएगी। कहा जाए कि इन दोनों घटनाओं का तो अचानक तुक्का लग गया।
एसएसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस गैंग में शामिल संजीव पहले सासनी गेट इलाके में लोडर टैंपो चलाता था। उसे इस बात की जानकारी थी कि यहां से मुरादाबाद माल जाता है। हार्डवेयर कारोबारियों के विषय में भी उसको जानकारी थी।
इसी मुखबिरी के आधार पर संजीव ने साथियों संग यह लूट प्लान करी थी। इसके अलावा मौका व सूचना मिलने पर अन्य लूट भी करते फिर रहे थे। सचिन व सागर गैंग के सरगना के रूप में थे। वह जब जहां घटना करनी होती थी, वहां अपने हिसाब से साथी को ले जाते थे।
व्यापारी-ट्रांसपोर्टर भी मिले एसएसपी से, बाकी माल भी मिलेगा
इस लूटकांड के खुलासे की खबर पर ट्रांसपोर्टर मनोज शर्मा के साथ वह व्यापारी भी एसएसपी से मिले, जिनका माल गया था। इस दौरान उन्होंने पुलिस के इस खुलासे पर टीम को बधाई दी और जल्द सम्मानित करने की बात कही। इस दौरान एसएसपी को बताया कि अभी और भी माल बरामद होना है। इस पर एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि अभी चार बदमाश फरार हैं। उनसे भी माल की बरामदगी होनी है। वह माल भी मिलेगा।
गिरफ्तार अपराधी:-
-सचिन पुत्र राजकुमार शर्मा नहरा लोधा अलीगढ़ (पैर में गोली लगने से घायल है)।
-धर्मेंद्र पुत्र चंद्रपाल पड़ियावली मडराक अलीगढ़।
-राजकुमार पुत्र उदयवीर सिंह रामनगर आईटीआई बन्नादेवी अलीगढ़।
-राहुल पुत्र मानपाल रामनगर आईटीआई बन्नादेवी अलीगढ़।
-विकास कुमार पुत्र राकेश शर्मा त्रिमूर्ति नगर सुरक्षा विहार बन्नादेवी अलीगढ़।
-संजीव कुमार पुत्र गजराज सिंह पला साहिबावाद सासनीगेट अलीगढ़।
-दीपक उर्फ दीपू पुत्र सत्यपाल धनीपुर मंडी गांधीपार्क अलीगढ़।
फरार अपराधी:-
-सागर पुत्र नामालूम धनीपुर मंडी गांधीपार्क अलीगढ़। (सचिन संग मुठभेड़ में भागा)।
-भुपेन्द्र पुत्र नामालूम शिक्षक नगर बन्नादेवी जनपद अलीगढ़।
-पंकज पुत्र नामालूम शिक्षक नगर थाना बन्नादेवी जनपद अलीगढ़।
-मोवीन पुत्र नामालूम ग्राम तिलबेगमपुर थाना सिकंदराबाद बुलंदशहर। (इसे माल सिकंदराबाद में बिकवाना था)।
यह हुआ बरामद:-
-14 बोरों में रखी 626 पीतल की 2400 किलो वजनी मूर्तियां, छोटा हाथी लोडर, जख्मी सचिन से एक स्पलेंडर बाइक, 49 हजार रुपये (40 हजार रुपये शांतनु गोयल संग 2 लाख की लूट में से, जबकि 4 हजार रुपये इगलास में दंपती लूट में से), 1 तमंचा, 3 खोखा के अलावा लोडर सवार गैंग से 1 तमंचा भी मिला है।
यह रही गिरफ्तारी टीम
इंस्पेक्टर अतरौली प्रवेश राणा, एएसआई सतेंद्र शर्मा, एसआई योगेंद्र सिंह, राकेश कुमार, रविंद्र सिंह, चंद्रशेखर के अलावा सिपाही जावेद अख्तर, आदित्य कुमार, सुशील कुमार, गौरव कुमार, अनुज पूनिया, रविंद्र कुमार, सत्यवीर सिंह आदि।