औद्योगिक शहर कभी भी किसी भी परिस्थिति में हार नहीं मानते। बिना रुके, बिना थके आगे बढ़ते रहते हैं। ऐसा ही शहर है अपना अलीगढ़। कोरोना काल में जब दूसरे कामकाज प्रभावित हुए तो शहर वालों ने मास्क, पीपीई किट, ऑक्सीमीटर, दस्ताने, आयुर्वेदिक काढ़ा, दूसरी दवाएं, इम्युनिटी बूस्टर और करोड़ों रुपये का सैनिटाइजर बना डाला। अकेले हिक्स थर्मामीटर प्राइवेट लिमिटेड ने इस बीच 75 करोड़ रुपये के नए काम किए। बालजीवन ग्रुप ने स्वदेशी काढ़ा लांच किया, जो कोरोना काल में लोगों की इम्युनिटी बढ़ाने में सार्थक सिद्ध हुआ। वहीं, फरवरी में पावना ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज शेयर बाजार में एमएसएमई सेक्टर में सूचीबद्ध हुआ।
हमने एन-95 मास्क, पल्स ऑक्सीमीटर, पीपीई किट और सैनिटाइजर का उत्पादन और वितरण किया। कई उत्पाद हमने हिक्स के नाम से दूसरी प्रतिष्ठित कंपनियों से बनवाए थे। जनता को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराए। एक वर्ष में इन उत्पादों का लगभग 75 करोड़ रुपये का टर्नओवर रहा। इस एक वर्ष में कारोबार में बहुत उतार चढ़ाव भी रहे, लेकिन इन सबका अनुभव अच्छा रहा। मुझे उम्मीद है कि कोरोना से बहुत जल्द मुक्ति मिल जाएगी। हम सभी एक बार फिर से और बेहतर काम कर सकेंगे।
-सिद्धार्थ गुप्ता, ज्वाइंट एमडी हिक्स थर्मामीटर प्राइवेट लिमिटेड।
सितंबर 2020 तक सैनिटाइजर का काम बेहतर था। अक्तूबर से दिसंबर में बहुत कम हो गया। 15 मार्च से कुछ मांग बढ़ी है। हम नोवीक्लीन और नोवाटाइजर नाम का सैनिटाइजर हिमाचल प्रदेश से बना कर लाते हैं। वहां हमारा प्लांट है। आइओन हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ये काम किया। हमारा दवा का पुराना काम है। कोरोना काल में जिस तरह से कारोबार बढ़ा, वो अब नीचे की ओर आ रहा है। लेकिन अनुभव बहुत अच्छा रहा।
- केके वार्ष्णेय, मैनेजर नोवीक्लीन नोवाटाइजर।
कोरोना काल में लोगों की बढ़ी हुई जरूरतों को पूरा करने के लिए स्थानीय स्तर पर एन-95 मास्क और सैनिटाइजर बनाया। इस नये अनुभव में समाजसेवा के साथ आजीविका का साधन बना। सितंबर अक्तूबर के बाद जब प्रशासनिक शिथिलता हुई तो इनका प्रयोग कम हुआ। जिसकी वजह से अलीगढ़ में कोरोना के मामले दोबारा बढ़ रहे हैं। अब ये कारोबार ढलान की ओर है, लेकिन इस कारोबार से बहुत कुछ सीखने को मिला।
- अनुराग गुप्ता, आक्सिया सैनिटाइजर और मास्क निर्माता।
कोरोना काल शुरू होने पर थोक बाजार में 90 पैसे की कीमत वाला मास्क 20 रुपये तक बिका है। 12 रुपये की कीमत वाला सैनिटाइजर 20 रुपये रुपये का बिका है। इस दौरान बीते अप्रैल में अलीगढ़ रिटेलर्स केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से वादा किया था, वह इन दोनों सामानों को रेट टू रेट बेचेंगे। वादा निभाया भी गया। मैंने खुद सैनिटाइजर का काम किया और बेहद कम लागत में जनता को उपलब्ध कराया।
-उमेश श्रीवास्तव, रुचि फार्मेसी प्रीमियर नगर बैंक कालोनी।
अनुराग गुप्ता।- फोटो : CITY OFFICE
सिद्धार्थ गुप्ता ।- फोटो : CITY OFFICE
के के वार्ष्णेय।- फोटो : CITY OFFICE