लॉक डाउन की वजह से बेरोजगार हुए श्रमिकों और मलिन बस्तियों के गरीबों को अनाज व खाना उपलब्ध कराने के लिए डीएम, सीडीओ समेत अन्य सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी एक-एक दिन की तनख्वाह देंगे। शिक्षकों ने भी अपनी एक दिन की तनख्वाह देने पर सहमति दे दी है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में रोजगार से वंचित दैनिक श्रमिक और उनके परिवारों के साथ ठेल, ढकेल, खोमचे आदि लगाकर रोजाना कमाने खाने वालों की मदद के लिए अफसर एवं कर्मचारियों ने अपनी एक दिन की तनख्वाह देने का एलान किया है।
इधर बीएसए डा.लक्ष्मीकांत वाजपेई ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा संघ, पूर्व माध्यमिक संघ, उर्दू टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने भी शिक्षकों की ओर से एक दिन का वेतन देने संबंधी पत्र दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि सभी अधिकारी, शिक्षक व कर्मचारियों के वेतन से करीब तीन से चार करोड़ रुपये का बजट एकत्र हो जाएगा। इस फंड का इस्तेमाल गरीबों को आटा, दाल, चावल के साथ खाना बांटने में होगा।