मृतक वृद्ध और आत्महत्या करने वाला आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ के टप्पल कस्बे के मोहल्ला गंज में बुधवार रात एक वृद्ध की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने के बाद युवक पुलिस को देख कर घर में घुस गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
बताया गया है कि मोहल्ला गंज निवासी पवन (22) पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता है। उसके पिता मुंबई में काम करते थे। पवन मानसिक रूप से कमजोर था। बुधवार रात पवन वीरपाल शर्मा (55) के घर गया। वहां किसी बात को लेकर गुस्साए पवन ने डंडे से वीरपाल के सिर पर हमला कर दिया।
वह उन्हें तब तक पीटता रहा जब तक उनकी मौत न हो गई। इसके बाद वह डंडा लेकर घर आ गया। दोनों के घरों की दूरी करीब 100 मीटर है। सुबह करीब 5:00 बजे सूचना पर पुलिस मोहल्ले में पहुंची तो पुलिस को देख कर पवन अपने घर में घुस गया।
ररोई के रोशनदान में दुपट्टे से फंदा बांधकर फांसी पर झूल गया। पवन को फंदे से लटका देख पत्नी ने शोर मचाया तो पुलिस वहां भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए हैं। इस संबंध में सीओ खैर संजीव दीक्षित का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। हत्या किए जाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।