जीएसटी को लेकर हुई बैठक में मौजूद दी अलीगढ़ क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जीएसटी के विरोध में फिलहाल अलीगढ़ के कपड़ा व्यवसायी बंद से पीछे हट गए है। 30 जून को महानगर में रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। बंद को लेकर बुधवार को भी एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक होनी है।
पहली बार कपड़ा पर जीएसटी लगाए जाने से व्यवसायी आंदोलित है। इसको लेकर प्रदेश के कई शहरों में दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदेश एसोसिएशन द्वारा 27 से लेकर 29 जून तक दुकानें बंद रखने की अपील की गई है। इसको लेकर मंगलवार को श्रीवार्ष्णेय मंदिर में दी अलीगढ़ क्लाथ मर्चेंट एसोसिएशन की अध्यक्षता में कपड़ा व्यवसायियों की बैठक आयोजित की गई। तय माना जा रहा था कि स्थानीय व्यापारी उत्तर प्रदेश क्लाथ मर्चेंट एसोसिएशन के अपील को मान लेंगे और दुकानें बंद करने की घोषणा करेंगे। काफी व्यापारी बंद के समर्थन में थे। लेकिन देर रात तक चली बैठक के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरालाल वार्ष्णेय एवं सचिव श्याम राजमहल ने बताया कि 30 जून को रैली का निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद ही 30 को रैली निकालेंगे।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के प्रदेश नेतृत्व को सूचित कर दिया है कि 28 एवं 29 जून के बंद में वे लोग शामिल नहीं होंगे। बुधवार को वरिष्ठ नेताओं की बैठक होने वाली है। उसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अध्यक्ष हीरालाल गुप्ता ने बताया कि कपड़े पर अभी तक टैक्स नहीं लगा था। पहली बार जीएसटी में 5, 12 एवं 18 प्रतिशत का प्रावधान किया गया है। जीएसटी कपड़ा व्यवसायियों को स्वीकार नहीं है।