अलीगढ़ की नगर पालिका परिषद अतरौली में कार्यरत अनुसूचित जाति के एक सफाई कर्मचारी को रविवार दोपहर हैंडपंप पर पानी पीने से न सिर्फ रोका गया बल्कि विरोध करने पर बेरहमी से पीटते हुए कपड़े तक फाड़ डाले।
बीच बचाव करने पहुंचे दो अन्य सफाई कर्मियों की भी पिटाई की गई। तीनों की हालत गंभीर होने पर अतरौली सीएचसी से पं. दीनदयाल संयुक्त जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ितों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। उधर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पालिका कर्मियों ने थाने में हंगामा करते हुए नारेबाजी की।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी सफाई कर रहे थे। संविदा कर्मचारी रिंकू पुत्र मुन्नालाल रिक्शे से डोर टू डोर कूड़ा उठा रहा था। छर्रा रोड पर पक्कीगढ़ी के पास गर्मी के कारण तेज प्यास लगने पर वह एक हैंडपंप पर पानी पीने लगे।
आरोप है कि तभी वहां परवेज पुत्र भूरा पहुंचा और अनुसूचित जाति का व्यक्ति बताते हुए कहा कि इस हैंडपंप से पानी नहीं पी सकते। रिंकू ने इसका विरोध किया। बताते हैं इसी विवाद पर दोनों में मारपीट शुरू हो गई।