क्षेत्र के चार गांवों में अलग-अलग विवादों में झगड़ा हो गया। शादीपुर में चाचा-भतीजे के बीच हुए झगड़े में दोनों के सिर फूट गए। वहीं, तीन अन्य गांवों में मारपीट के मामलों में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में जेल भेजा है।
गांव शादीपुर निवासी रामवीर सिंह और उनके भतीजे रवि कुमार के बीच पानी का पाइप डालने को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें चाचा-भतीजे दोनों के सिर फूट गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए छर्रा के सरकारी अस्पताल भेजा। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीरों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, गांव चंदनपुर निवासी नरेश कुमार पुत्र शंकर सिंह को अपनी चाची कमलेश देवी से मारपीट करने पर पकड़ा गया। गांव नोंगवां निवासी शीलेंद्र कुमार और दिनेश कुमार को बच्चों के विवाद में झगड़ा करने पर गिरफ्तार किया गया। वहीं, गांव उदयपुर निवासी राजेश कुमार को पारिवारिक विवाद में मारपीट करने पर पकड़ा गया। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को शांतिभंग में जेल भेजा है।
मारपीट में घायल रामवीर सिंह। - फोटो : samvad