महानगर के सासनी गेट इलाके के जयगंज स्थित मंगलेश्वर मंदिर के पास सोमवार देर रात को दो शोहदों ने 12 वर्षीय बच्ची को बुरी नीयत से खींच ले जाने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर राहगीरों को अपनी ओर आता देख आरोपी भाग गए।
सूचना पर हिंदू जागरण मंच के संजू बजाज कार्यकर्ताओं सहित थाने पर बच्ची और उसकी मां को लेकर पहुंचे और आरोपियों की तलाश करने को लेकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर उन्हें शांत किया। बच्ची की मां का आरोप है कि शोहदे गैर समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। अज्ञात शोहदों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
वाकये के अनुसार लड़िया जयगंज, सासनी गेट निवासी अनुसूचित जाति की महिला अपनी 12 साल की बेटी को लेकर मोहल्ले के ही एक मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने गई थी। वहां से लौटते समय महिला आगे निकल गई, जबकि उसकी बच्ची पीछे-पीछे आ रही थी। जयगंज मंगलेश्वर महादेव मंदिर के पास बच्ची को दो गैर समुदाय के युवकों ने रोक लिया।
उसे जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश की। इसका बच्ची ने विरोध किया तो शोहदे अश्लील हरकतें करने लगे। महिला के अनुसार बेटी ने शोर मचाया तो राहगीरों की निगाह बच्ची पर पड़ी। उन्होंने आरोपियों को दबोचने को दौड़ लगाई तो युवक बच्ची के हाथ में एक मोबाइल नंबर लिखी पर्ची थमाते हुए भाग गए। लोगों ने उनका पीछा भी किया। मगर, वह हाथ नहीं आए।
इधर, सूचना पर हिंदू जागरण मंच के संजू बजाज कार्यकर्ताओं सहित मौके पर पहुंच गए। वे मां-बेटी को थाने पर लेकर गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। संजू ने कहा कि हमारी बच्चियों की तरफ बुरी नीयत से देखने वाले की आंखें निकाल लेंगे। इस पर थाना पुलिस की एक टीम इलाके में आरोपियों की तलाश में निकल गई। मगर देर रात तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा।
बच्ची की मां ने दो अज्ञात गैर समुदायों के युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपी पूर्व में भी इस तरह की हरकतें करते रहे हैं। मगर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।