शहीद बाबू सिंह चैहान के ग्राम साथा में कमिश्नर गौरव दयाल, डीएम किया स्वागत।
- फोटो : CITY OFFICE
चौरी चौरा शताब्दी समारोह के तहत बृहस्पतिवार को जिले भर में चौरी-चौरा महोत्सव का आगाज हुआ। मुख्य आयोजन जवां ब्लाक के ग्राम साथा में हुआ। साथ ही कलक्ट्रेट में शहीद स्तंभ पर जिला प्रशासन ने शहीदों को नमन किया। वहीं, जिले के 12 शहीद एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ग्रामों में चौरी-चौरा शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद बाबू सिंह चौहान के ग्राम साथा में हुआ। उनकी पत्नी अशर्फी देवी को सम्मानित किया गया। वहीं, ग्राम साथा के मजरा मीरपुर में विकास कार्यों के लिए 25 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई। यहां विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। प्रशासन की ओर से विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। इधर, कलक्ट्रेट में शहीद स्तंभ पर मंडलायुक्त गौरव दयाल, डीएम चंद्रभूषण सिंह, सीडीओ अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी नगर राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम न्यायिक राकेश कुमार पटेल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए नमन किया।
डीएम ने बताया कि नगर निकायों समेत 12 शहीद ग्रामों में आयोजन हुए। इधर, नगर निगम की ओर से महोत्सव का आगाज महापौर मो. फुरकान नगर, आयुक्त प्रेम रंजन सिंह व सहायक नगर आयुक्त राज बहादुर सिंह द्वारा राजा महेंद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण व वंदेमातरम के साथ किया। साथ नगर पंचायत विजयगढ़ में एडीएम प्रशासन, ब्लॉक गंगीरी के ग्राम पंचायत पुरैनी इस्माइलपुर, टप्पल के ग्राम भरतपुर, गोंडा, अकराबाद के बमनाई गांव, गभाना के मोहरेनी व जोहरा आलमपुर, इगलास के मोहरेनी व सोनोठ, में शहीदों को पुष्पाजंलि अर्पित की गई।