मारपीट और अवैध खनन का मामला निपटाने की एवज में 8 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में फंसे दरोगा राजकुमार के खिलाफ चार्जशीट दायर कर दी गई है। साथ में दरोगा के खिलाफ अभियोजन संचालन की मंजूरी भी महकमे के स्तर से दे दी गई है। बता दें कि पिछले वर्ष गोंडा थाने में तैनात दरोगा का रिश्वत लेते वीडियो वायरल हुआ था। तब दरोगा के खिलाफ एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया था और निलंबन की कार्रवाई हुई थी। तब से दरोगा यहां पुलिस लाइन में तैनात है।
यह वाकया 28 मई 2020 का है, जब गांव नगला बिरखु में हुए एक झगड़े और अवैध खनन के मामले में कुछ लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचकर तत्कालीन एसपी देहात से मिले थे। उन्होंने थाने में तैनात दरोगा राजकुमार का 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते का वीडियो दिखाया था, जिसमें दरोगा यह कहते दिख रहा था कि कोई जिला मुख्यालय जाकर शिकायत करके उसका या थाना प्रभारी का क्या बिगाड़ लेगा। विधायक उसके पास भी हैं। इस मामले में एसपी देहात ने थाने जाकर जांच की और एसएसपी को रिपोर्ट दी थी, जिसके आधार पर एसएसपी ने दरोगा को निलंबित करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। कुछ माह बाद दरोगा बहाल किया गया। मगर तभी से पुलिस लाइन में तैनाती है।
इधर, इस मामले में विवेचना पहले खैर में फिर इगलास में हुई। जिसके बाद अब आकर चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। साथ में विभाग के स्तर से दरोगा के खिलाफ न्यायालय में अभियोजन संचालन की स्वीकृति भी दे दी गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने राजकुमार के खिलाफ दर्ज मुकदमे में चार्जशीट दाखिल किए जाने व अभियोजन स्वीकृति की पुष्टि की है।