थाना मडराक क्षेत्र में रविवार रात बाइक सवार बदमाश ने शहर के एक नामी कैटर्स के बेटे की सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवक के साथ मारपीट करते हुए चेन तोड़कर भाग गया। पीड़ित ने मडराक पुलिस को तहरीर दी है।
थाना देहलीगेट क्षेत्र के अब्दुल करीम चौराहा निवासी सीबी कैटर्स के मालिक चंद्रभान गुप्ता के बेटे दिव्यम गुप्ता ने बताया कि वह रविवार को रात करीब 9:15 बजे बाबा नीब करौरी धाम आगरा रोड पर गए थे। लौटने के दौरान प्लेटिना बाइक सवार एक युवक वहां आया और उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। आरोपी ने सोने की चेन पकड़ ली। विरोध पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने हथियार निकालकर धमकाने का भी प्रयास किया। सीओ इगलास ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।