किशनपुर तिराहा पर सड़क पर पड़ा गोली लगने से घायल राहुल।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र की अवंतिका कालोनी फेस-2 में बुधवार देररात अपने घर लौट रहे युवक को राहगीर युवकों ने गोली मार दी। बात महज इतनी थी कि युवक फोन पर बात करते समय किसी को गाली दे रहा था, तभी मोहल्ले के ही राहगीर युवकों ने समझा कि उन्हें गाली दे रहा है। बस इसी बात पर झड़प हो गई और गोली मार दी, जो उसके कमर को छूते हुए निकल गई। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
किशनपुर निवासी राहुल गांधी पुत्र देवेंद्र बुधवार देररात बाजार से अवंतिका में होकर पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। फोन पर बात करते वक्त राहुल गाली गलौज कर रहा था, वहां खड़े मोहल्ले के ही युवकों को लगा कि उन्हें गाली दे रहा है। इस पर राहुल को रोक लिया और गाली देने का कारण पूछा। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, तभी युवकों में से किसी ने गोली चला दी। गोली राहुल के कमर को छूते हुए निकल गई और हमलावर भाग गए। इसी दौरान वहां से पुलिस की जीप निकल रही थी। उन्होंने राहुल को जख्मी हालत में पड़ा देखा। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल का कहना है कि गोली लगने की सूचना पर घायल को भर्ती कराया गया था। जिन लोगों के उसने नाम बताए, उनके घर दबिश दी गई। सभी अपने घर मिले। इन लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले उनका घायल से झगड़ा हुआ था। इसलिए उसने फंसाने के लिए यह घटना की है। घटना संदिग्ध लग रही है। छानबीन की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।