एएमयू की बीएससी और बीकॉम की प्रवेश परीक्षा 8 मई रविवार को एएमयू सहित देश के अन्य शहरों में भी आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा लखनऊ, कोलकाता, श्रीनगर, पटना और गुवहाटी परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।
इस प्रवेश परीक्षा में 25824 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा कंट्रोलर जावेद अख्तर ने बताया कि एएमयू सहित अन्य तमाम केंद्रों पर यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगी। एएमयू में इस परीक्षा को आयोजित करने के लिए 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
एएमयू में बने परीक्षा केंद्रों पर बीएससी (आनर्स) में 12575 अभ्यर्थी और बीकॉम में 4517 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। जबकि गुवहाटी सेंटर पर 347, लखनऊ केंद्र पर 1564, श्रीनगर केंद्र पर 564, पटना केंद्र पर 1574 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीए(आनर्स) की प्रवेश परीक्षा 25 मई को आयोजित होगी।
परीक्षा के दौरान रहेगा रूट डायवर्जन
सुभाष चौक से आगे लाल डिग्गी की तरफ और लाल डिग्गी से अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज की तरफ तस्वीर महल से कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा की तरफ, कलक्ट्रेट तिराहे से फैज गेट की तरफ केवल परीक्षार्थी व उनके साथ आने वाले अभिभावकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। शेष वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
रामघाट रोड से केला नगर चौराहे की तरफ केवल परीक्षार्थी और उनके साथ आने वाले अभिभावकों को जाने दिया जाएगा। शेष वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
लाल डिग्गी से मैरिस रोड चौराहे की तरफ आने वाले वाहन अब्दुल्ला गर्ल्स कालेज के गेट पर परीक्षार्थियों को छोड़ने के बाद मैरिस रोड चौराहे से रामघाट रोड की तरफ, या केला नगर चौराहे की तरफ जाकर अपने वाहन पार्क करेंगे। लाल डिग्गी से मैरिस रोड के बीच कोई वाहन पार्क नहीं होगा। इस रूट डायवर्जन को देखते हुए सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक खास तौर से मैरिस रोड चौराहे, सेंटर प्वाइंट, लाल डिग्गी से मैरिस रोड चौराहे, शमशाद मार्केट से पुरानी चुंगी, जमालपुर फाटक से पुरानी चुंगी की ओर जाने से बचें।