चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना में तारागढ़ माता के मंदिर जा रहे बाइक सवार दंपती नील गाय से टकराने के बाद सड़क पर गिर गए, उसी वक्त रोडवेज बस ने उनको रौंद दिया। इस दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पति, बहन व बच्चे घायल हो गए, इनको अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम कराया है। पति को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
कोतवाली सदर इलाके के गांव कलवारी निवासी 30 वर्षीय लालू सिंह उर्फ छोटू पुत्र मुन्नीलाल सोमवार की सुबह अपनी बाइक से चंदपा क्षेत्र के बिसाना स्थित तारागढ़ वाली माता के मंदिर जा रहे थे। उनके साथ 28 वर्षीय पत्नी सपना, दो वर्षीय बेटा रिषभ और साली डौली पुत्री विजयपाल निवासी सीकुर सासनी भी थीं।
माता के दर्शन को जब गांव केवल गढ़ी के निकट पहुंचे तो लालू सिंह की बाइक नील गाय से टकरा गई। बाइक से गिरते ही बाइक सवारों को रोडवेज बस ने रौंद दिया। लालू सिंह की पत्नी सपना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा ऋषभ और साली नीलम
सहित लालू सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घायल बेटा व साली को लोगों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं लालू सिंह को पुलिस ने अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी होने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। घायल लालू सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने सपना के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। यहां पर परिवार, गांव के लोगों व रिश्तेदारों की भीड़ लग गई। सीओ सादाबाद हिंमाशु माथुर ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।