महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र की धनीपुर मंडी के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युुवक की मौत हो गई। एक्सीडेंट कर भाग रहे ट्रक चालक को भीड़ ने मौके पर ही दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, चालक को हिरासत में ले लिया है।
आदित्य यदुवंशी (44) पुत्र हरपाल सिंह निवासी नगला तुलाराम, विजयगढ़ किसान था। परिवार में तीन बच्चे और पत्नी एकता है। वह सोमवार को बीज लेने के लिए धनीपुर मंडी आया था। यहां से वापस जाते समय उसे जीटी रोड पर मंडी के पास ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना देख मौके पर जुटी भीड़ ने चालक को दबोच तथा जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाया। इसके साथ ही युवा किसान को निजी अस्पताल लेकर गई। वहां उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त कर परिवार वालों को सूचित किया। परिवार वालों में सूचना पाते ही कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर गांधी पार्क थाना सुधीर कुमार धामा के मुताबिक पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।