सासनी गेट इलाके के जयगंज स्थित प्राचीन मंगलेश्वर महादेव मंदिर से हर वर्ष की भांति इस बार भी महाशिवरात्रि (11 मार्च) के अवसर पर भव्य शिव शोभायात्रा निकाली जाएगी। 16 झांकियां शोभायात्रा में शामिल रहेंगी। इसमें कोविड की झांकी इस बार आकर्षण का केंद्र रहेगी। 150 वर्ष से अधिक पुरानी यह शोभायात्रा है। मंदिर श्री मंगलेश्वर महादेव समिति ने रविवार को मंदिर परिसर में इस संबंध में प्रेसवार्ता कर जानकारी साझा की।
समिति के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि शोभायात्रा में मंगलेश्वर मंदिर के चार डोले बैंड-ढोल के साथ निकाले जाएंगे। इसमें शिव पार्वती सहित राधा-कृष्ण, काली माता का भी डोला शामिल रहेगा। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर गली मंगलेश्वर, गौरांग कुटीर, पीपल वाली गली, जयगंज, सब्जी मंडी, सराय बाला, राजकीय इंटर कॉलेज, सराय मानसिंह, के पी इंटर कॉलेज से आगरा रोड होते हुए सासनी गेट से होते हुए वापस मंदिर प्रांगण पर आकर खत्म होगी।
इसके बाद मंदिर में भव्य महाआरती होगी। इस बार डोले में 16 झांकियां शामिल होंगी। इसमें कोविड-19 की आकर्षण का केंद्र रहेगी। पत्रकार वार्ता में मंदिर श्री मंगलेश्वर महादेव समिति के सचिव भारतेंदु पंडित, कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा, ऋषि वार्ष्णेय, अंकित वार्ष्णेय, यतेंद्र वार्ष्णेय, संजीव सक्सेना, राजा शर्मा, धीरज अग्रवाल, नितिन गोयल आदि मौजूद रहे।
10 मार्च की रात्रि से होगा जलाभिषेक
मंदिर श्री मंगलेश्वर माहदेव समिति के प्रवक्ता अंकित वार्ष्णेय ने बताया कि 10 मार्च की रात 12 बजे से कावडिय़ों के लिए जलाभिषेक की व्यवस्था की जाएगी। उनके लिए यहां ठहरने, भंडारे, स्वास्थ्य शिविर आदि की व्यवस्था की जाएगी।