जिला पंचायत अध्यक्ष पद के मतदान में नौ जिला पंचायत सदस्यों के स्थान पर उनके सहायक मतदान करेंगे। जिला प्रशासन ने इसकी अनुमति जारी कर दी है। इन सदस्यों ने अपने कम पढ़े लिखे होने का हवाला देकर मतदान करने के वास्ते एक पढ़ा लिखा सहायक मांगा था।
जिला निर्वाचन अधिकारी / जिला मजिस्ट्रेट चंद्रभूषण सिंह ने बताया उक्त जिला पंचायत सदस्यों ने अपनी शिक्षा का हवाला देकर एक शिक्षित सहायक मांगा था। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नौ जिला पंचायत सदस्यों को शिक्षित सहायक उपलब्ध कराए गए हैं। इसी क्रम में अनुमति प्रदान की गई है। शनिवार को होने वाले मतदान में इन जिला पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में उनके सहायक मतदान करेंगे। इस क्रम में वार्ड संख्या 06 से जिला पंचायत सदस्य जसोदा देवी के सहायक अनिल कुमार सिंह हैं। वार्ड संख्या 09 से लाल सिंह के सहायक वरुण कुमार, वार्ड संख्या 13 से पिंकी के सहायक योगेंद्र पाल सिंह, वार्ड संख्या 14 से धर्मवती के सहायक विक्रम प्रताप सिंह, वार्ड संख्या 20 से बेबी के सहायक दिगंबर सिंह, वार्ड संख्या 24 से जमुना देवी के सहायक शोभित अग्रवाल, वार्ड संख्या 34 से मिथलेश देवी के सहायक अमित कुमार सिंह, वार्ड संख्या 38 से गीता के सहायक जयप्रकाश सिंह एवं वार्ड संख्या 46 से जिला पंचायत सदस्य लज्जावती के सहायक मुकेश कुमार सिंह नामित किए गए हैं।