माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अब प्रधानाचार्यों को कक्षा नौ से लेकर 12 तक की आयोजित परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखनी होंगी। इसके लिए डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर कहा है कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2021 का परीक्षाफल गत 31 जुलाई को निर्गत किया जा चुका है। जिसके संबंध में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों द्वारा शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रार्थना पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं।
शिकायतों के निराकरण के लिए विद्यालय द्वारा कराई गई कक्षा-9 की वार्षिक परीक्षा, कक्षा-10 की प्री-बोर्ड परीक्षा, कक्षा 11 की अर्द्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षा और कक्षा 12 की प्री बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखा जाए। उत्तर पुस्तिकाओं को संभालकर रखने में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ब्यूरो