जीटी रोड कानपुर हाईवे के बौनेर बाईपास पर मंगलवार दोपहर हुई प्राइवेट बस-ट्रक भिड़ंत में घायल एक और बस यात्री की मौत हो गई। इस तरह इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। वहीं चार की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। बुधवार को तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिवारों को सौंप दिए गए। वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वाकया मंगलवार दोपहर का है, जब कासगंज से अलीगढ़ आ रही बस ट्रक में भिड़ंत हो गई थी। बस में 35 यात्री सवार थे। जिनमें से एक दर्जन लोग जख्मी हुए थे, जबकि दो महिलाओं की मंगलवार को ही मौत हो गई थी। बुधवार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भरती 45 वर्षीय कासगंज भोपालगढ़ी के पुरुषोत्तम की मौत हो गई। वहीं समी मोहम्मद, उर्मिला समेत चार की हालात गंभीर बनी हुई है। घायल को निजी अस्पताल से मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिवारों को सौंप दिया है। इधर, इस दुर्घटना के बाद प्राइवेट बस संख्या यूपी 81 बीटी 7280 का चालक घायलों की भीड़ में गायब हो गया है। पुलिस ने अज्ञात में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं ट्रक चालक जम्मू कश्मीर ऊधमपुर कनैनी का सुरिंदर अभी जख्मी हालत में भरती है। इंस्पेक्टर महुआ खेड़ा के अनुसार अभी चार मरीजों की हालत नाजुक है। जिनका उपचार चल रहा है। आरोपी बस चालक घायलों की भीड़ में गायब हुआ है। उसकी तलाश जारी है।