टीवी धारावाहिक इंडिया गॉट टैलेंट में अलीगढ़ का नाम रोशन कर चुकीं इला और इब्रा के पिता व अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के संस्कृत विभाग के वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर खालिद बिन यूसुफ का निधन हो गया है।
प्रोफेसर खालिद बिन यूसुफ ने संस्कृत और अरबी भाषा में 300 से अधिक समान शब्दों को सामने लाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया था। उन्होंने अपने शोध के माध्यम से यह बात सामने लाने का प्रयास किया था कि संस्कृत और अरबी भाषाओं में बहुत समानता है, क्योंकि हजारों वर्ष पहले इन दोनों भाषाओं के बोलने वाली मानवीय सभ्यता संबंधित भूभाग पर फैली हुई थी। खालिद बिन यूसुफ को वेद और पुराणों का भी अच्छा ज्ञान था।
सन 2013 में जब उनकी दोनों बेटियों ने टीवी कार्यक्रम में भाग लेकर उच्च पायदान तक पहुंची थीं, तब उनका परिवार चर्चा में आ गया था। प्रोफेसर यूसुफ की दोनों बेटियों इला और इब्रा की प्रशंसा कार्यक्रम की जज किरण खेर और करण जौहर ने भी की थी। उनके निधन पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल, कांग्रेसी नेता ब्रजराज राणा सहित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी दुख जताया है।