पश्चिमी यूपी के कई जिलों व एनसीआर में संगठित रूप से गिरोह चलाने वाला मेरठ का कुख्यात अपराधी ऊधम सिंह करनावल लखनऊ जेल में बैठकर भी रंगदारी वसूली करा रहा है।
एसटीएफ ने सोमवार को अलीगढ़ में क्वार्सी पुलिस की मदद से उसके तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर उसकी साजिश का भंडाफोड़ किया है। यह तीनों यहां ऊधम के इशारे पर एक एएमयू प्रोफेसर पति से रंगदारी वसूली और न देने पर हत्या करने के इरादे से आए थे। इस खुलासे के बाद से एएमयू प्रोफेसर परिवार दहशत में है, जिसे पुलिस ने फिलहाल सुरक्षा देने की तैयारी कर ली है।
एसटीएफ को मिल रही सूचनाओं के आधार पर एसएसपी एसटीएफ अमित पाठक ने मेरठ इकाई को ऊधम सिंह गैंग के पीछे लगाया।
टीम ने लखनऊ जेल में निरुद्ध मेरठ के कुख्यात गैंगेस्टर ऊधम सिंह करनावल के बिजनौर निवासी तीन शार्प शूटरों मनोज राणा, अब्दुल अलीम, अकरम की रेकी शुरू कराई। इसी रैकी के आधार पर एसओ क्वार्सी विनोद कुमार की मदद से उन्हें सोमवार को महानगर के रामघाट रोड इलाके के एक होटल से दबोच लिया गया।
तीनों ने पूछताछ में स्वीकारा कि वह ऊधम सिंह के कहने पर यहां धौर्रा माफी निवासी एएमयू प्रोफेसर के पति महरुद्दीन उर्फ मन्नी से रंगदारी वसूली और न देने पर किसी भी घटना के इरादे से आए थे।