एएमयू के कर्मचारियों ने 26 दिसंबर को होने वाली हड़ताल स्थगित कर दी है। कर्मचारियों की दो मांगें मान ली गईं। एक इंक्रीमेंट और डीए भत्ता शामिल हैं। कर्मचारियों का मुद्दा 18 जनवरी को कार्यकारी परिषद की बैठक में उठेगा।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के कर्मचारियों ने 26 दिसंबर को होने वाली हड़ताल स्थगित कर दी है। कर्मचारियों की दो मांगें एएमयू इंतजामिया ने मान ली हैं। विभिन्न मांगें पूरी न होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने हड़ताल की घोषणा की थी।
विज्ञापन
हड़ताल स्थगित और मांगों को पूरा करने के लिए कर्मचारियों और इंतजामिया की कई दौर में बैठकें भी हुईं। पहली बैठक परीक्षा नियंत्रक कक्ष में परीक्षा नियंत्रक, कुलपति के ओएसडी प्रो. असफर खान, प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद वसीम अली, डीन के साथ कर्मचारियों की तरफ से फैसल रईस गांधी, सैयद जकी अहमद, रेहान अहमद, हामिद शुएब और आबिद जैदी की हुई। मांगों को लेकर बातें रखी गईं, लेकिन बात नहीं बनी।
कर्मचारियों ने कुलपति के साथ बैठक कराने की बात कही। इसके बाद कुलपति के साथ बैठक हुई, जिसमें इंतजामिया के ओहदेदार के अलावा वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या व कुलपति पैनल में शामिल प्रो. नईमा गुलरेज भी मौजूद रहीं। मांगों को पूरा करने को लेकर फिर बातचीत शुरू हुई। सभी मांगों को मानने पर कुलपति ने असहमति जताई। प्राचार्या ने कुलपति का समर्थन किया। इसी बीच कर्मचारियों ने प्रो. नईमा से कहा, आप कुलपति पैनल में शामिल हैं और कुलपति बन जाती हैं, तो उनकी मांगें मान लेने का आश्वासन दे दें। इस बात पर वह भड़क गईं। गुस्से में वह बैठक से बाहर चली गईं।
विज्ञापन
कुलपति भी गुस्से से तिलमिला उठे। यह भी बातचीत विफल रही है। देर रात फिर बैठक हुई, जिसमें कर्मचारियों की दो मांगें मान ली गईं। एक इंक्रीमेंट और डीए भत्ता शामिल हैं। कर्मचारियों का मुद्दा 18 जनवरी को कार्यकारी परिषद की बैठक में उठेगा। कर्मचारी नेता सैयद जकी अहमद ने बताया कि इंतजामिया ने दो मांगें मान ली है, इसलिए 26 दिसंबर को होने वाली हड़ताल स्थगित कर दी है।