भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को अलीगढ़ में पार्टी के बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि फिर दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर ही जाएगा। भाजपा इस बार सपा-बसपा की दुकानों पर अलीगढ़़ का ताला लगा देगी। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा अयोध्या में उसी स्थान पर जल्द से जल्द भव्य राम मंदिर का निर्माण चाहती है, यह जरूर बनेगा। उन्होंने कांग्रेस, बसपा, सपा सहित अन्य पार्टियों से भी राम मंदिर पर अपना एजेंडा स्पष्ट करने को कहा।
विज्ञापन
यहां तालानगरी में स्थित मैदान में पार्टी के ब्रज क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए अमित शाह ने कहा कि अधिग्रहीत जमीन राम जन्म भूमि न्यास ने वापस मांगी तो केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया कि जो जमीन गैर विवादित है, उससे स्टे हटा लिया जाए। लेकिन उसमें भी कानूनी बाधाएं लगा दी गईं। जब भी सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर का केस आता है तो कांग्रेस के नेता जो कि वकील भी हैं, तारीख पर तारीख ले लेते हैं और मामला उलझ जाता है।
उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के महागठबंधन पर तल्ख प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि मतदान के दिन हम ताकत के साथ इन दलों के मुंह व दफ्तरों पर अलीगढ़ का ताला लगा कर अपनी ताकत का अहसास करा देंगे। मैं यूपी को जनता हूं। इसलिए बुआ और भतीजे के साथ राहुल गांधी भी मिल जाएं तो भी हम 73 की जगह इस बार 74 सीटें लाने वाले हैं।
विज्ञापन
उन्होंने पश्चिम बंगाल में चिटफंड घोटाले में पूछताछ करने गई सीबीआई टीम को बंधक बनाने का मुद्दा भी उठाया। कहा कि घुसपैठियों के सहारे सरकार बनाने वाली ममता गरीबों के पैसों को हड़पने वाले आरोपियों के बचाव में खड़ी हो गई हैं। आज भाजपा को रोकने के लिए पश्चिम बंगाल में ममता धरने पर बैठ गई हैं। हमारे नेताओं को रोका जा रहा है। लेकिन बंगाल में भी हम 23 सीटों पर विजय हासिल करने वाले हैं।
इस बूथ सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, जेपी नड्डा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन, प्रदेश कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, संदीप सिंह, सांसद राजवीर सिंह राजू, सतीश गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नेता मौजूद थे।
‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का दिया नारा
अमित शाह ने बूथ अध्यक्षों को ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का नारा दिया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से कहा कि वह मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर लोगों के बीच में जाएं और बताएं कि 1947 से 2014 के बीच की सरकारों ने जो काम नहीं किया, उससे कहीं ज्यादा काम मोदी सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में कर दिखाया।
उन्होंने आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना आदि उपलब्धियों के आंकड़़ों को जनता के बीच रखने के लिए कहा। सर्जिकल स्ट्राइक, विदेशों में देश का गौरव, आत्म सम्मान, अपराध मुक्त देश और प्रदेश का हवाला देते हुए जनता से भावनात्मक रूप से जुड़कर नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से देश का नेतृत्व सौंपने की अपील की।
योगी सरकार कर रही अलीगढ़ के ताले की मार्केटिंग
ताला नगरी मैदान में आयोजित सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पटका पहनाने के साथ साथ पीतल का ताला भी भेंट किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आज अलीगढ़ के तालों की मार्केटिंग के लिए काम कर रही है।
गुंडे पलायन कर गए यूपी से
सन 2017 में हमें दंगों से ग्रस्त उत्तर प्रदेश मिला था। यूपी अंधेरे से ग्रस्त था। लेकिन आज दंगा करने वाले यूपी से पलायन कर रहे हैं। गले में बोर्ड लिखवा कर टंगवा लिए हैं कि हमें गिरफ्तार कर लो। कुछ जिले ऐसे थे, जहां पर पुलिस गुंडों से डरती थी। लेकिन आज वहां पर गुंडे पुलिस को देखकर डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी जातिवाद, परिवारवाद से ग्रस्त था।
हमने विकास को घर घर तक पहुंचाने का काम किया। जो लोग हमारे एंटी रोमियो अभियान पर हंसते थे, आज उसी की बदौलत रात के 12 बजे भी बेटियां, बहनें गहने पहन कर सुरक्षित चलती हैं। गड्ढामुक्त सड़कें हुई हैं तो युवाओं का पलायन रुका है। प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है।
अमेरिका और इजराइल के बाद हम
शाह ने कहा कि केंद्र की पिछली सरकारें देश की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं थीं। लेकिन मोदी सरकार ने पहली बार रक्षा बजट में बढ़ोत्तरी की है। उन्होंने कहा कि उरी में हमारे 13 जवानों को मार कर जला दिया गया। इस घटना के दो-तीन दिन बाद हमारे जवान पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर वापस लौटे। सैनिकों का बदला लेने वाले देशों में अमेरिका और इजराइल के बाद भारत तीसरा देश बन गया।
घुसपैठियों को चुन-चुन कर निकालेंगे
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब हम एनआरसी सदन में लाए तो कांग्रेस ने इसका विरोध किया। राहुल गांधी ने कहा कि यह लोग कहां जाएंगे? बेचारे कहां रहेंगे। जबकि यह घुसपैठिए देश को दीमक की तरह चाट रहे हैं। यह देश की सुरक्षा को खतरा हैं। हम देश से घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे।
अब यूपी को ज्यादा पैसा
शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने व्यापारियों को जीएसटी में राहत देते हुए 40 लाख रुपये से कम आय वालों को जीएसटी से मुक्त किया है। इसी तरह आम आदमी को भी पांच लाख रुपये से कम आय वालों को आयकर से मुक्त किया है। यूपीए सरकार के समय यूपी को 3.30 हजार करोड़ रुपये का अनुदान मिलता था। जबकि आज मोदी सरकार में यूपी को 8.8 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा पैसा दिया जा रहा है।
सपा-बसपा बताएं, एएमयू में क्यों नहीं मिलता आरक्षण: योगी
भाजपा के बूथ सम्मेलन में बुधवार को अलीगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग को आरक्षण नहीं दिए जाने का मामला उठाया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यहां पर एएमयू है, जिसे केंद्र सरकार की ओर से प्रति वर्ष 150 से 300 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाता है। यह पैसा देश की जनता जो कर के रूप में अदा करती है, वह है। योगी ने कहा कि मैं सपा, बसपा और अन्य दलों से पूछता हूं कि आखिर क्यों एएमयू में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग को आरक्षण का लाभ नहीं मिलता, जबकि कोर्ट कह चुका है कि यह अल्पसंख्यक संस्थान नहीं है। मतलब साफ है तुष्टिकरण का जो काम पिछली कांग्रेस सरकारों ने किया, सपा और बसपा उसी को ढोते रहे।