अतरौली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मंगलवार रात मथुरा के युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। राजू गोला (45) पुत्र दीपचंद निवासी राधा कृष्ण वाटिका, गणेश टीला थाना गोविंद नगर मथुरा अपने साथी विजयपाल वर्मा के साथ स्कूटी से मंगलवार को शादी समारोह में आए थे।
शादी समारोह से वह मंगलवार देर रात एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। तभी अतरौली क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित राधे होटल के सामने ब्रेकर आ जाने से स्कूटी उछल गई, जिसमें राजू गोला डिवाइडर पर जा गिरे। सिर में चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा बुधवार को परिजनों को सौंप दिया है। राजू के भाई रवि ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। पत्नी रजनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अतरौली शिवकुमार ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर में युवक की मौत
गोंडा थाना क्षेत्र के नगला बिरखू में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में घायल युवक की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक मथुरा का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
मदनलाल पाठक (30) पुत्र सुरेश चंद निवासी ईकू गांव, नौहझील मथुरा घर का सामान लेकर गोंडा से मोटर साइकिल पर मथुरा लौट रहा था। नगला बिरखू के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायक को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
उपचार के दौरान युवक की बुधवार तड़के मौत हो गई। इंस्पेक्टर गोंडा उमेश चंद्र ने बताया कि पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है।