रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर 3 और 4 पर तेज धूप और गर्मी में बंद पड़े पंखे। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। गर्मी के मौसम में वह गर्म पानी पीने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं प्लेटफार्म पर लगे पंखे भी नहीं चल पा रहे हैं। इसको लेकर यात्रियों में रोष पनप रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों का गला भी सूखने लगा है। रेलवे स्टेशन पर लगी पानी की टंकियों में इन दिनों गर्म पानी आ रहा है, जबकि स्टेशन पर कोल्ड वाटर प्लांट लगा हुआ है, इसके बाद भी यात्री टंकियों में आ रहे गर्म पानी को पीने को विवश हैं।
स्टेशन पर लगे पंखे भी शो-पीस बने हुए हैं। भीषण गर्मी में भी इन्हें चलाया नहीं जा रहा है। ऐसा होने से प्लेटफार्म पर ट्रेन आने का इंतजार करने वाले मुसाफिरों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति स्टेशन के सातों प्लेटफार्म पर है।
स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि यात्रियों को हो रही परेशानियों से जल्द निजात दिलाई जाएगी। कोल्ड वाटर प्लांट के अलावा बंद पड़े पंखों को भी चालू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की पहली प्राथमिकता है।