न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव शनिवार को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गया। इस चुनाव में भाजपा नेता व पूर्व सीएम कल्याण सिंह के रिश्तेदार श्यौराज सिंह की पत्नी विजय सिंह को 30 मतों से निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं यूपी के दूसरे पूर्व सीएम अखिलेश यादव की चचेरी बहन सपा प्रत्याशी अर्चना यादव मात्र 8 वोट पाकर पराजित हो गईं। खास बात यह है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के इस चुनाव पर उमेश कुमारी के बाद 25 साल बाद विजय सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर विजयश्री हासिल की है।
हालांकि निवर्तमान अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू बसपा के बैनरतले चुनाव जीते थे और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा में शामिल हो गए। इस चुनाव को लेकर सुबह से ही कलेक्ट्रेट स्थित मतदान स्थल के बाहर कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे। वहीं सपा नेताओं को बैरीकेटिंग पर रोके जाने पर जमकर हंगामा, पुलिस से नोकझोंक व धरना प्रदर्शन हुआ।
इस चुनाव को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित मतगणनास्थल को जाने वाले सभी मार्गों को सुबह से ही सील कर दिया गया था। एएमयू सर्किल, तस्वीर महल व पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस की ओर से किसी को भी कलेक्ट्रेट जाने की अनुमति नहीं थी। इसे लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम रखे गए। सबसे पहले 11:08 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा प्रत्याशी अर्चना यादव अपनी गाड़ी से 2 अन्य मतदाताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और गहनता से जांच पड़ताल के बाद उन्हें मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया।
इसके बाद दो व तीन के क्रम में सपा-रालोद से जुड़े कुछ मतदाता पहुंचे। फिर करीब 12:15 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह के साथ एक वोल्वो बस व कार से 34 मतदाता पहुंचे। इनमें पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर चौधरी की पत्नी अंजू चौधरी भी विजय सिंह के साथ थीं। इन्हें भी मतदान केंद्र के एक नंबर गेट पर जांच के बाद प्रवेश दिया गया। इस दौरान इनके 9 मतदाताओं के सहायक भी साथ गए। इसके बाद निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी व सबसे बाद में रालोद की राजकुमारी मतदान के लिए पहुंचीं। इस दौरान दिन भर जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी सुधरी चौधरी की पत्नी गोंडा क्षेत्र से रालोद से जिला पंचायत सदस्य ममता चौधरी का इंतजार होता रहा। मगर वे नहीं आईं।
वे खुद शीतगृह में अवैध रूप से आलू भंडारण से जुड़े दो मुकदमों में वांछित आरोपी हैं। इसलिए वे मतदान के लिए नहीं आईं। अगर वे आती तो पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए तैयार थी। इस तरह 3 बजे तक कुल 47 में से 46 जिला पंचायत सदस्यों ने मतदान किए। साढ़े तीन बजे मतगणना के बाद जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने प्रेक्षक की मौजूदगी में भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह को 30 मतों से विजयी घोषित करते हुए बताया कि विजय सिंह को 38 व सपा की अर्चना यादव को 8 मत प्राप्त हुए हैं। इस खबर के बाहर आते ही भाजपाइयों में जशभन का माहौल बन गया। तस्वीर महल बैरियर व जिला पंचायत परिसर में मौजूद तमाम भाजपाई नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए और नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत करते हुए साथ ले गए।