गरीबी की रेखा से नीचे रह रहे परिवारों के लिये रविवार को लांच होने जा रही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में रसोई गैस कनेक्शन पाने का ख्वाब देख रहे लोगों को अभी इंतजार करना होगा। दरअसल, प्रशासन के पास जनगणना 2011 के हिसाब से दर्ज बीपीएल परिवारों की सूची अब तक अपडेट ही नहीं है। इसके चलते जनपद में योजना का क्रियान्वयन मई के अंत तक ही संभव हो सकेगा।
केंद्र सरकार की गरीबी की रेखा से नीचे रह रहे लोगों को रसोई गैस कनेक्शन देने की महत्वाकांक्षी योजना रविवार आज लांच होने जा रही है। लेकिन इसका जिला स्तर पर अब तक कोई प्रारूप नहीं आया है। मात्र इतना पता चला कि इस योजना में जनगणना 2011 के हिसाब से दर्ज बीपीएल परिवारों की महिला मुखिया के नाम से रसोई गैस कनेक्शन दिये जाने हैं। यदि ऐसा है तो योजना का क्रियान्वयन हाल फिलहाल में संभव नहीं है। क्योंकि जनगणना 2011 के हिसाब से बीपीएल परिवारों के आंकड़े अब तक अपडेट नहीं हो सके हैं।
पीडी डीआरडीए जीएन भट्ट ने स्वीकार किया कि आंकड़े अपडेट नहीं हैं। 20 अप्रैल को शासन स्तर से ग्रामसभा वार डाटा मिला है। इसे अनुमोदन के लिये खंड विकास अधिकारियों को भेजा गया है। फाइनल आंकड़े मई के अंत तक आने के आसार हैं।
डीजल, पेट्रोल और एलपीजी रखें स्टाक में
अलीगढ़। संभावित सूखे के मद्देनजर प्रशासन ने आपातकालीन प्रबंध करने आरंभ कर दिये हैं। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने संभावित बाढ़ व सूखा के दृष्टिगत सभी रिटेल आउटलेट (पेट्रोल पंप) एवं पेटी डीजल डीलर धारकों को निर्देशित किया है कि रिटेल आउटलेट पंपधारक 2000 लीटर डीजल एवं 500 लीटर पेट्रोल, पेटी डीजल डीलर अपनी दुकान पर 500 लीटर डीजल आरक्षित रखेंगे। गैस एजेंसी धारकों को कम से कम 50-50 घरेलू गैस सिलेंडर रखने होंगे। ऐसा न करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।