डेंगू नियंत्रण अभियान के अंतर्गत के कूलर में लारवा रोधी दवा डालते स्वास्थ्यकर्मी। विज्ञप्ति
- फोटो : CITY OFFICE
मलखान सिंह जिला अस्पताल और पं. दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में इन दिनों डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। शनिवार को तीन मरीज डेंगू के मिले हैं। जिन्हें मिलाकर अब तक जनपद में कुल 48 मरीज मिले हैं।
शनिवार को अधिकांश में संख्या वायरल बुखार को लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के साथ-साथ दवा काउंटर पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। वहीं सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देश पर कुल 21 टीमों ने डेंगू के खिलाफ शहर से लेकर देहात तक अभियान चलाया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में नगरीय क्षेत्र में आठ टीम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 13 टीमों ने डेंगू प्रतिरोधी अभियान चलाया। नगरीय क्षेत्र में पिछले दिनों जहां डेंगू के धनात्मक मरीज मिले हैं। उन क्षेत्रों में विशेषकर 841 घरों में टीम ने भ्रमण किया। इस दौरान 587 कूलर, 865 कंटेनर एवं अन्य पात्रों का निरीक्षण किया गया।
जिसमें से 30 जगह डेंगू के लार्वा की पुष्टि हुई। जिस पर लार्वा रोधी दवा का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया गया। डेंगू, मलेरिया अथवा वायरल बुखार से बचने के लिए लोगों को पर्चे भी बांटे गए।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ट ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें। इकट्ठे पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल डालें। मच्छरदानी में सोएं और कूड़े कचरे का ठीक प्रकार से निस्तारण करें। इस दौरान सहायक मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता, मोनू, उमा रानी, मदन, अजय, प्रदीप आदि मौजूद रहे।