पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए रामघाट रोड स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान जनता अपने चहेते नेता के अंतिम दर्शन के लिए आतुर रही और काफी देर तक धक्का मुक्की होती रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित अन्य नेताओं ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। स्टेडियम कल्याण सिंह अमर रहे के नारों से गूंज उठा।
उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री एवं राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को रविवार शाम को एयर एंबुलेंस से धनीपुर एयरपोर्ट पर लाया गया। अन्य दो स्टेट प्लेन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया, पौत्र संदीप सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे।
कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को फूल मालाओं से सजे वाहन में अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में लाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शव वाहन के पीछे की गाड़ी में चल रहे थे। शाम करीब 5:50 बजे पार्थिव शरीर स्टेडियम में पहुंचा। वाटर प्रूफ पंडाल में पार्थिव शरीर को रखने का इंतजाम किया गया है।
पार्थिव शरीर पहुंचते ही लोग जब तक सूरज चांद रहेगा, कल्याण सिंह का नाम रहेगा, कल्याण सिंह अमर रहे एवं जय श्रीराम के नारे लगे। रास्ते में भी शव वाहन पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर चहेते नेता को अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। उन्होंने सबसे पहले कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, आरपी सिंह, सांसद सतीश गौतम, प्रेमलता वर्मा, पूर्णिमा सिंह, विधायक संजीव राजा, अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी, अनूप प्रधान, एमएलसी जयवीर सिंह, उपेंद्र सिंह नीटू, जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह, विधायक ठा. दलवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, रघुराज सिंह, अनिता जैन, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, शशी सिंह, गौरव शर्मा, बंटी उपाध्याय, देवराज सिंह, सुमित शिब्बू, प्रवीणराज सिंह, पुष्पेंद्र पचौरी, जय यादव आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।
पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया और राज्यमंत्री संदीप सिंह लोगों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह कर रहे थे। देर रात तक स्टेडियम में अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। सोमवार सुबह 9:30 बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम से पूर्व मुख्यमंत्री की शवयात्रा उनके पैतृक गांव मढ़ौली होती हुई बुलंदशहर जनपद के नरौरा घाट पर जाएगी, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।