फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : मंदिरों में प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त की, कई गाड़ियों के शीशे तोड़े, तनाव

विज्ञापन
अराजक तत्वों द्वारा तोड़ी गई भगवान की मूर्तियों को विधि विधान से पूजा अर्चना कर स्थापित करते भाज? - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
महानगर के शीशियापाड़ा और दुबे पड़ाव के दो मंदिरों पर शुक्रवार मध्य रात्रि एक मानसिक रोगी युवक ने देव प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त कर दीं और आसपास खड़ी आधा दर्जन कारों के शीशे तोड़ दिए। शनिवार सुबह जब घटना की जानकारी लोगों को हुई तो तनाव के हालात पैदा हो गए और लोगों में गुस्सा उपज गया।
विज्ञापन

वह तो आनन-फानन हरकत में आई पुलिस प्रशासनिक टीम ने लोगों को किसी तरह समझाकर शांत किया। तब जाकर शीशियापाड़ा पर जमा भीड़ शांत हुई। इधर, पुलिस ने दिन भर की कवायद के बाद सीसीटीवी की मदद से देर शाम आरोपी को पकड़ लिया है, जो मानसिक रूप से बीमार है। इस हरकत पर परिवार भी परेशान है।
गांधीपार्क क्षेत्र के शीशियापाड़ा में गांधीपार्क चौकी के बगल में मंदिर है। सुबह-सुबह वाल्मीकि बस्ती की महिलाएं जब मंदिर में पूजा करने पहुंचीं तो वहां देव प्रतिमाएं टूटी देख हैरान रह गईं। वहां हंगामा खड़ा हो गया। कुछ ही देर में तमाम लोग एकत्रित हो गए और हंगामा शुरू हो गया।
विज्ञापन

सूचना पर सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह, सीओ द्वितीय मोहसिन खान इलाका पुलिस के साथ पहुंच गए। पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ को शांत करते हुए आनन-फानन नई प्रतिमाएं स्थापित कराईं और भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा।
इसी बीच खबर मिली कि कुछ दूरी पर स्थित दुबे पड़ाव तिराहा के मंदिर में भी इसी तरह प्रतिमा क्षतिग्रस्त पड़ी है। लगातार दूसरे मंदिर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर पर पुलिस के पसीने छूटे। वहां भी जमा भीड़ को शांत किया और नई प्रतिमा स्थापित कराई गई। इसी बीच पता चला कि यहां से लेकर सराय सुल्तानी, खिरनी गेट तक करीब सड़क सहारे गलियों में खड़ी आधा दर्जन कारों के शीशे भी ईंट पत्थर फेंककर तोड़े गए हैं। इससे पुलिस को समझ में आया कि यह किसी खुराफाती या शराबी ने हरकत की है।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके में सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिया। कुछ फुटेज भी पुलिस को मिल गए, जिनकी मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। इसी बीच उसकी पहचान बन्नादेवी रघुवीरपुरी के एक मानसिक रोगी युवक के रूप में हुई।
शाम को पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और परिवार को भी बुला लिया। परिवार ने उसके मानसिक रोगी होने के और दिल्ली एम्स से उपचार चलने संबंधी प्रपत्र भी पुलिस को दिखाए। यह भी बताया कि वह अक्सर दो तीन दिन के लिए इसी तरह गायब हो जाता है। अब भी दो दिन से गायब था। देर रात पुलिस युवक से पूछताछ व उसके मेडिकल प्रमाण पत्रों के सत्यापन में जुटी थी।
- मंदिरों में प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त करने व कारों के शीशे तोड़ने में सीसीटीवी के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा लिखा गया है। प्रारंभिक जांच में ही किसी नशा रोगी या मानसिक रोगी की हरकत लग रही थी। देर शाम आरोपी पकड़ लिया गया है, जिसे परिवार द्वारा मानसिक रोगी बताया जा रहा है। उससे पूछताछ चल रही है। -राघवेंद्र सिंह, सीओ प्रथम
जाम लगाने को तैयार हो गई थी पुलिस
शीशियापाड़ा में हुई इस घटना को लेकर लोगों में बेहद गुस्सा था। पब्लिक हंगामा करते हुए आगरा रोड पर जाम लगाने को तैयार हो गई थी। इसी बीच पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। वहीं कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन, राजेश राज जीवन ने भी लोगों को समझाया और मामले में उचित कार्रवाई के लिए अधिकारियों से वार्ता की। साथ में तत्काल मूर्तियां स्थापित कराई गईं। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें