धनीपुर मंडी स्थित एक गेस्ट हाउस में विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर बैठे सपा कार्यकर्ता। संव?
- फोटो : CITY OFFICE
मो. तौहिद आलम, अलीगढ़। विधानसभा चुनाव - 2022 में कांटे की टक्कर वाली अलीगढ़ शहर और कोल विधानसभा सीट पर आखिरकार भाजपा ने बाजी मार ली है। कोल सीट पर आखिरी राउंड तक चली टक्कर में भाजपा प्रत्याशी अनिल पाराशर ने सपा प्रत्याशी अज्जू इश्हाक को 5527 मतों और शहर सीट पर भाजपा की मुक्ता राजा ने सपा प्रत्याशी जफर आलम को 12818 मतों से हरा दिया।
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ की कोल और शहर विधानसभा सीट मुस्लिम बहुल है। कोल में 1.20 लाख और शहर विधानसभा क्षेत्र में 1.45 लाख मुस्लिम मतदाता हैं। इन दोनों सीटों पर भाजपा और सपा में कांटे की टक्कर रही। कोल सीट पर भाजपा के अनिल पाराशर पहले राउंड में आगे निकल गए।
लेकिन तीसरे राउंड में सपा प्रत्याशी इश्हाक ने उन्हें पिछे छोड़ दिया। यहां से 29वें राउंड तक अज्जू भाजपा प्रत्याशी से आगे थे। 29वें राउंड की गिनती के बाद सपा प्रत्याशी को 100448 तो भाजपा प्रत्याशी को 98656 वोट मिले थे। 30वें राउंड में 6383 मत पाकर अनिल पाराशर ने एक बार फिर से बढ़त बना ली।
अनिल पाराशर 5527 मतों से विजयी हुए। यहां भाजपा को 107495, सपा को 101968, बसपा को 22880 एवं कांग्रेस को 15452 वोट मिले। अलीगढ़ शहर विधानसभा की सीट पर भी मुकाबला कांटे का रहा। यहां भी शुरू से बढ़त भाजपा के पास रही। लेकिन 16वें राउंड में सपा के जफर आलम ने भाजपा प्रत्याशी मुक्ता राजा को पीछे छोड़ दिया।
16वें राउंड की गिनती के बाद सपा को 64582 तो भाजपा को 61414 वोट मिले। यहां से 25वें राउंड तक सपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई रखी। लेकिन 26वें राउंड में 6001 वोट पाकर भाजपा प्रत्याशी आगे निकल गईं। मुक्ता राजा को 119920 और सपा को 107102 वोट मिले। बसपा को 18165 और कांग्रेस को 2281 वोट मिले।