कुलदीप सिंह नवनियुक्त एसपी सिटी।
- फोटो : CITY OFFICE
प्रदेश पुलिस मुख्यालय स्तर से 43 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। अलीगढ़ के एसपी सिटी पद पर नई तैनाती 2017 बैच के आईपीएस अफसर कुलदीप सिंह को दी गई है। यहां तैनात अभिषेक को प्रोन्नति देकर नोएडा कमिशभनरी में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। कुलदीप सिंह को मुरादाबाद से यहां स्थानांतरित किया गया है।
शासन स्तर से जारी तबादला आदेश के अनुसार, यहां तैनात अपर पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अभिषेक को पुलिस अधीक्षक पद पर प्रोन्नति के साथ पुलिस उपायुक्त नोएडा कमिशभनरी बनाया गया है। वहीं मुरादाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात कुलदीप सिंह को प्रोन्नति देकर यहां का नया अपर पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) बनाया गया है। कुलदीप सिंह मूल रूप से जयपुर राजस्थान के रहने वाले हैं और 2017 बैच के आईपीएस अफसर हैं। बीटेक (इलेक्ट्रिकल) पास कुलदीप सिंह अब तक मुरादाबाद में सीओ सिविल लाइंस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके यहां एक-दो दिन में आकर चार्जग्रहण करने की उम्मीद है।
इधर, अभिषेक भी बुधवार को यहां से कार्यमुक्त होकर नोएडा चार्ज ग्रहण कर लेंगे। बता दें कि अभिषेक की तैनाती यहां फरवरी 2019 में उस समय हुई थी, जब एएमयू में उपद्रव के बाद आंदोलन चल रहा था। इसके बाद एक बार खुद उनकी गाड़ी पर छात्रों ने हमला किया। फिर सीएए-एनआरसी विरोधी 15 दिसंबर के उपद्रव में वे जख्मी हुए और पुलिस कार्रवाई के दौरान एसएसपी के जिले में न होने के कारण वही छात्रों के निशाने पर रहे। मगर उनका पूरे 20 महीने का कार्यकाल निर्विवादित रहा। वह अलीगढ़ के अनुभवों को अपने पुलिस जीवन में कभी न भूल पाने वाला बताते हैं। कहते हैं कि पुलिसिंग के उद्देश्य से अपराध के मुद्दे पर यहां बहुत कुछ सीखने को मिला है।