फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : पंचायत में बेटे ने पिता को मौत के घाट उतारा

विज्ञापन
थाना महुआ खेड़ा में स्थित गांव मूसेपुर जलाल में जमीन के विवाद में गोली से घायल सुनील कुमार का मलख? - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
महुआ खेड़ा क्षेत्र के गांव मूसेपुर जलाल में शनिवार दोपहर जमीन के विवाद में चल रही पंचायत में बेटे ने पिता को गोली मार दी। गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात से अफरा-तफरी मच गई। पंचायत में मौजूद परिवार के सदस्य व रिश्तेदार भी हक्के-बक्के रह गए।
विज्ञापन

उधर, आरोपी बाजरे के खेतों में होकर भाग गया। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है। महानगर से सटे गांव मूसेपुर जलाल निवासी 48 वर्षीय किसान सुनील कुमार के दो बेटे हैं। चार माह पहले सुनील के पिता की मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद सुनील के हिस्से में 15 बीघा पुस्तैनी जमीन आई है।
इस जमीन को सुनील बेचना चाह रहे थे, जबकि बड़ा बेटा सूरज जमीन बेचने का विरोध कर रहा था और इसे अपने नाम करवाना चाह रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में कलह चल रही थी। कलह के चलते सुनील पिछले चार दिन से रिश्तेदारी में रह रहे थे। हालांकि, कई बार परिवार व रिश्तेदारों ने बैठकर मसला हल कराने का प्रयास किया। मगर सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, शनिवार को कुछ रिश्तेदार घर पर एकत्रित हुए। करीब साढ़े तीन बजे खेत पर बने नलकूप पर पंचायत कर दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया जा रहा था। आरोप है कि इसी बीच सूरज का पिता से झगड़ा शुरू हो गया। रिश्तेदार या परिजन कुछ समझा पाते, तब तक सूरज ने अंटी में लगा तमंचा निकालकर पिता के गोली मार दी। गोली सीधे पेट में जा घुसी और सुनील वहीं गिर पड़े। इस पर वहां अफरा-तफरी मच गई और आरोपी पास ही बाजरे की फसल में घुसकर भाग गया।
शोरशराबे के बीच तत्काल पुलिस को खबर दी गई और घायल सुनील को पहले पास के नर्सिंग होम, फिर जिला अस्पताल लाया गया। मगर, जिला अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खबर पर सीओ द्वितीय मोहसिन खान व महुआ खेड़ा पुलिस भी मौके पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
देर रात समाचार लिखे जाने तक सुनील के भतीजे व छोटे बेटे की ओर से तहरीर लिखकर दी जा रही थी, जिसमें सूरज को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने सुनील के कुछ दोस्तों व पंचायत में मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
- मूसेपुर जलाल में पिता-पुत्र में चल रही जमीन की कलह में उस समय यह घटना हुई है, जब परिवार के लोग बैठकर मसला हल करने का प्रयास कर रहे थे। बेटे पर पिता की हत्या का आरोप है। मामले में तहरीर मिल रही है। उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
- मोहसिन खान, सीओ द्वितीय
घर में कोहराम, भतीजी के घर थे सुनील
इस घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। जिला अस्पताल में मौजूद छोटे बेटे शुभम ने बताया कि चार दिन से उसके पिता इसी विवाद के चलते अपनी भतीजी आशा के घर सुरक्षा विहार कॉलोनी में रह रहे थे। रिश्तेदारों के एकत्रित होने पर शनिवार सुबह ही उन्हें यहां बुलाकर लाया गया था। इस बात का अंदेशा होता तो शायद न बुलाया जाता। खुद छोटा बेटा ही पिता को रिश्तेदारों के कहने पर बुलाकर लाया था। अब पिता की मौत के बाद उसे पिता को बुलाकर लाने का सबसे ज्यादा अफसोस है।
- आज गांव में जो घटना हुई है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इलाका पुलिस पर हमें पूरा भरोसा है। इस प्रकरण में हमारी पुलिस से मांग है कि किसी के बहकावे में आकर किसी निर्दोष को न फंसाया जाए। मामले को विधायक व सांसद के संज्ञान में भी लाया गया है, जिन गांव के लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उनसे पुलिस सिर्फ जानकारी करे। उन्हें किसी साजिश का हिस्सा न माने। - अनिल तोमर प्रधान पति, बूथ प्रभारी भाजपा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें