छर्रा अड्डा पुल के नीचे मिठाई की दुकान पर लगी भीड़।
- फोटो : CITY OFFICE
रक्षाबंधन के मौके पर सोमवार को शहर के मिठाई की दुकानों और बस स्टैंड पर भीड़ इकट्ठी हुई। खासकर सुबह के समय भीड़ अधिक रही। ऐसे में इस दौरान सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन की लोगों ने धज्जियां भी उड़ाईं। कई जगहों पर भीड़ में बाइक टकराने और पार्किंग को लेकर झगड़े भी हुए।
रक्षाबंधन के दिन सोमवार के चलते लॉकडाउन खुला हुआ था। यही वजह रही कि सोमवार सुबह से ही शहर में भीड़ होने लगी। रामघाट रोड, जीटी रोड और आगरा रोड पर लोगों ने घेवर की खरीददारी की। इस दौरान कई मिठाई की दुकानों में लोगों ने सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन का पालन नहीं किया। दुकानों के बाहर भीड़ घेवर लेने की होड़ में रही। बस स्टैंड पर भी जल्दी के चक्कर में लोगों ने कोरोना संक्रमण के बचाव के नियमों को भुला दिया। मुख्य दरवाजे की जगह लोग खिड़की से भी चढ़े। इतना ही नहीं, बस के अंदर मास्क पहनकर सफर करना भी कई लोगों ने उचित नहीं समझा। इसके अलावा हलवाई खाने और सराफा बाजार में जाम भी लगा। इस दौरान कई लोगों में पार्किंग और वाहन टकराने को लेकर झगड़े भी हुए।
एक तिहाई बहनों ने की मुफ्त यात्रा
कोरोना का असर यह रहा कि रक्षाबंधन के मौके पर एक तिहाई बहनों ने ही पिछले साल के मुकाबले निशुल्क यात्रा की। 2019 में जहां 60 हजार बहनों ने सफर किया था। इस बार सिर्फ 17 हजार बहनों ने सफर किया है। बता दें कि अलीगढ़ परिक्षेत्र में दो अगस्त की रात 12 बजे से तीन अगस्त के 12 बजे तक 17 हजार बहनों ने निशुल्क यात्रा की है। जबकि पिछले साल 60 हजार बहनों ने यात्रा की थी। कुल मिलाकर इस बार 47 हजार यात्रियों ने सफर तय किया है।
पिछली बार जहां 650 बसें यात्रियों के लिए लगाई गई थीं। जबकि इस बार मात्र 350 बसें चलाई गईं। आरएम अलीगढ़ परिक्षेत्र रोडवेज परवेज खान ने बताया कि पर्याप्त संख्या में बसें लगाई गई थीं। आवश्यकता पड़ने पर अलग से भी बसों को रिजर्व में रखा गया था। कुल 47 हजार यात्रियों ने यात्रा की है। जिनमें से 17 हजार महिलाओं को निशुल्क यात्रा कराई गई है।