जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई। मौत की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पहली दुर्घटना सासनी गेट क्षेत्र में आगरा रोड पर बृहस्पतिवार देर रात हुई।
यहां साकेत विहार का 25 वर्षीय देवेश अपने रिश्ते के भाई संग बाइक से किसी काम से आगरा रोड पर गया था। तभी कार की चपेट में आकर दोनों जख्मी हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां देवेश की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
दूसरी दुर्घटना बृहस्पतिवार देर रात गांधीपार्क क्षेत्र में हाईवे पर हुई, जहां बस्ती जनपद के पैकोलिया के 55 वर्षीय सतीराम बाइक से अपने घर जा रहे थे। वे रोहतक में निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वहां से होली पर घर जा रहे थे। तभी दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। खबर पर पुलिस ने शव अस्पताल में रखवाया। शुक्रवार को परिजन यहां पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव साथ ले गए।
तीसरी दुर्घटना बन्नादेवी थाना क्षेत्र के जीटी रोड सारसौल के पास शुक्रवार को हुई। यहां दोस्त से होली मिलकर लौट रहे बाइक सवार गूलर रोड निवासी 55 वर्षीय मोबाइल विक्रेता राजेश कुमार शर्मा को कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में जख्मी होने पर उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया।
उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार में पत्नी व तीन बच्चे बिलखते रह गए। चौथी दुर्घटना कोतवाली में हड्डी गोदाम इलाके में हुई, जहां मुल्लन का 5 वर्षीय बेटा शोबी घर के बाहर खेलते समय बाइक की चपेट में आ गया। उसकी अस्पताल में मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव साथ ले गए।
सांड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत
बुलंदशहर के कस्बा पहासू में सांड़ बाइक से टकरा गई। हादसे में थाना दादों के गांव नाह निवासी कैलाश (39) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक हादसे में घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
दरअसल, गांव निवासी विजयपाल दीक्षित के पुत्र कैलाश व उनका चचेरा भाई मोनू 17 मार्च की रात दिल्ली से बाइक से गांव आ रहे थे। बुलंदशहर के कस्बा पहासू के पास आवारा सांड़ बाइक से टकरा गई, जिसमें कैलाश की मौके पर मौत हो गई जबकि मोनू जख्मी हो गया।
परिजनों ने कैलाश के शव को पोस्टमार्टम के बाद 18 मार्च की शाम को गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। थाना गंगीरी के गांव कुतुकपुर निवासी अर्जुन बाइक से 18 मार्च को बरला जा रहा था। गांव ऊटासानी पर सामने से आ रहे एक और बाइक सवार सुभाष की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ही बाइक सवार अर्जुन व सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को छर्रा के अस्पताल में भर्ती कराया।
सांड़ से टकराई बाइक, सफाई कर्मी की मौत
थाना क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल खैर हाईवे पर शुक्रवार को आईटीएम कॉलेज करसुआ के एक सफाई कर्मी की बाइक सांड़ से टकरा गई। हादसे में घायल सफाई कर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
बता दें कि खैर थाना क्षेत्र के खेड़िया झल्लू निवासी बाबूलाल के पुत्र संतोष कुमार (30) शुक्रवार को आईटीएम कॉलेज करसुआ से बाइक से अपनी घर जा रहा था। अलीगढ़-पलवल-खैर हाईवे पर सामने से आ रहे एक आवारा सांड़ से उसकी बाइक टकरा गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने संतोष को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।