मुठभेड़ में दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर बदमाश जयपाल।
- फोटो : CITY OFFICE
स्टील व्यापारी सुरेंद्र जिंदल के अपहरण में शामिल कुख्यात जयपाल को पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। जयपाल पर 25 हजार रुपये का इनाम है तथा मथुरा में हिस्ट्रीशीट भी खुली है। उसका एक साथी फरार हो गया।
मडराक थाना क्षेत्र में अजीत आसना पुर के पास बुधवार सुबह लगभग तीन बजे मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली के अपहरण कांड में शामिल बदमाश हिस्ट्रीशीटर जयपाल पुत्र प्रसादी लाल निवासी नगला हरकाना, इगलास अपने एक साथी के साथ वारदात को अंजाम देने के इरादे से मथुरा रोड पर गतिविधि कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर दी। इस दौरान जयपाल और उसके साथी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जयपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी पप्पू निवासी राया जिला मथुरा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पैर में गोली लगने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जयपाल के पास से 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस, फिरौती की रकम के 15 हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल, एक बैग जिसमें पुलिस की वर्दी थी बरामद किया है। 16 जून को लक्ष्मी स्टील के मालिक सुरेंद्र जिंदल का इगलास क्षेत्र में अपहरण कर लिया गया था तथा फिरौती भी वसूली गई थी।
जयपाल पर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों के अलावा दूसरे राज्यों में भी संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सुरेंद्र जिंदल अपहरण कांड में अब तक दो बदमाश दबोचे जा चुके हैं। मंगलवार को पहली गिरफ्तारी हुई थी। मास्टरमाइंड बर्खास्त सिपाही विनोद जाट और उसके साथी फरार चल रहे हैं। जयपाल की मथुरा कोतवाली में हिस्ट्रीशीट खुली है। उस पर मथुरा, इगलास, अलीगढ़, एटा, हाथरस, इटावा के अलावा हरियाणा के फरीदाबाद में भी मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 17 से अधिक मुकदमे संगीन धाराओं में दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम ×ð´ थाना मडराक के प्रभारी राजीव कुमार, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, सिपाही प्रेमवीर सिंह, प्रदीप कुमार व सूरज कुमार रहे।