अलीगढ़ : धनीपुर मंडी में संभल और पंजाब से आए नए आलू को खरीदतीं महिलाएं।
- फोटो : CITY OFFICE
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
गरीब की थाली से दूर होते जा रहे आलू के दाम शनिवार को अचानक इतने गए कि धनीपुर मंडी में सब्जी लेने पहुंचे ग्राहक भी आश्चर्यचकित रह गए। एक दिन पहले तक तक 35 से 40 रुपए किलो के हिसाब से बिक रहा आलू शनिवार को मात्र 20 रुपये किलो के हिसाब से बिका। यह गिरावट पंजाब और आसपास के जिलों संभल, अलीगंज, कायमगंज का आलू एक साथ आने से हुई। इधर इगलास से भी आलू मंडी पहुंचने लगा है। जिसकी वजह से नये आलू के दाम में टूट गए। आढ़तियों की मानें तो शनिवार को आलू की छोटी बड़ी मिलाकर करीब 20-25 गाड़ियां मंडी पहुंच गईं। इससे जहां ग्राहकों की खुशी का ठिकाना न रहा तो वहीं आढ़ती भी खुश नजर आए।
आढ़ती बोले, 15 दिन में और गिरेंगे दाम
अलीगढ़। सब्जी मंडी अध्यक्ष शल्य राज सिंह ने बताया कि पंजाब से आलू की आवक तेज हो गई है। कायमगंज, अलीगंज और संभल का आलू भी तेजी से आने लगा है। ऐसे में आलू के दाम 10-15 दिन में और गिरेंगे। मंडी आढ़ती प्रेम शंकर ने बताया कि कुछ ही दिनों में इगलास का आलू भी तेजी से आने लगेगा। इसके बाद आलू के दामों में और भी गिरावट आ जाएगी।
पुराने आलू को किसी ने नहीं पूछा
अलीगढ़। आलू आढ़त कारोबारी बाबू भाई ने बताया कि शनिवार को बड़े पैमाने पर नया आलू आने से पुराने आलू की पूछ नहीं रही। 35 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहे इस आलू के दाम भी 30 रुपए प्रति किलो हो गए हैं, परंतु ग्राहकों ने न के बराबर खरीदारी की।