कोर्ट में गुरुवार को हंगामा और मारपीट मामले में अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पकड़े गए युवक-युवती को चंडीगढ़ पुलिस अपने साथ ले गई। वहां युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज है। अब वहां युवती के बयानों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
घटना गुरुवार शाम की है कि एक गैर समुदाय का युवक व चंडीगढ़ की युवती दीवानी में पहुंचे थे। जहां युवक उस पर कोर्ट मैरिज के लिए जबरन दबाव डाल रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी। इस दौरान कुछ लोगों ने इसे लव जिहाद का विषय भी बताया था। मामले में सिविल लाइंस पुलिस दोनों को थाने ले गई और पूछताछ के बाद चंडीगढ़ पुलिस को खबर दे दी। वहां से शुक्रवार शाम चंडीगढ़ पुलिस यहां पहुंची और दोनों को साथ ले गई।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रविंद्र दुबे के अनुसार वहां युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज था। इसलिए दोनों को पुलिस साथ ले गई। युवक सोनू जीवगनगढ़ क्वार्सी का रहने वाला है। उसकी तहरीर पर यहां दीवानी में मारपीट करने में अज्ञात 30-35 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, अलीगढ़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गणेश शर्मा का कहना है कि बाहरी लोगों ने दीवानी में आकर मारपीट की थी। वे मामले में शनिवार को सीसीटीवी फुटेज भी चेक कराएंगे। हमारे लोगों ने तो बाहरियों से युवक को बचाया भी था।