जहरीली शराब कांड में लगभग सभी कार्रवाई पूरी हो गई हैं। ईद से निपटते ही पुलिस अब शराब माफिया द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित की गई संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी में है। इसे लेकर गैंगेस्टर की धारा 14/1 के तहत सभी ब्योरा एकत्रित कर लिया गया है। संकेत हैं कि जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर संपत्तियों पर पुलिस अपना बोर्ड लगाएगी।
जिले में शराब कांड में 35 करीब मुकदमे दर्ज हुए हैं और 80 से ज्यादा गिरफ्तारी हुई हैं। इस मामले में 10 माफिया पुलिस ने चिह्नित किए हैं, जिनकी संपत्तियों का ब्योरा एकत्रित किया है। इनमें अनिल चौधरी, ऋषि शर्मा, मुनीष शर्मा, विपिन यादव, अनिल उर्फ कालिया, शिवकुमार, विजेंद्र कपूर आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनकी गैंगेस्टर एक्ट के तहत संपत्तियां कुर्क होनी हैं। इसका पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। संकेत हैं कि ईद के बाद संपत्ति कुर्क करने और उन पर पुलिस का बोर्ड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
29 चार्जशीट लगीं, 6 में शेष, विसरा रिपोर्ट को पत्राचार
इस कांड में पुलिस ने 35 मुकदमे दर्ज किए थे। जिनमें से 29 मुकदमों में पुलिस चार्जशीट दायर कर चुकी है। 6 मुकदमों में चार्जशीट शेष है। संकेत हैं कि यह चार्जशीट भी इस सप्ताह के अंदर या आने वाले सप्ताह में दायर कर दी जाएंगी। हालांकि मुकदमों की जरूरत के अनुसार 60 मामलों में विसरा रिपोर्ट जिला पुलिस को मिल गई हैं। मगर एसएसपी ने शेष विसरा रिपोर्ट के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला को पत्राचार किया है और कहा है कि जल्द से जल्द विसरा रिपोर्ट भेज दी जाएं।
-शराब कांड के चिह्नित माफिया की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों का आदि का ब्योरा जुटा लिया गया है। पूर्व में बैंक खाते फ्रीज कराए जा चुके हैं। अब ईद के बाद संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके लिए कागजी कार्यवाही जारी है। -कलानिधि नैथानी, एसएसपी