न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
पुलिस प्रशासनिक स्तर से भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में जिले में चिह्नित किए गए सक्रिय 650 अपराधियों में से अब तक 406 की हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी है। ये पिछले दस साल के तीन या तीन से अधिक अपराध वाले हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गोकशी से जुड़े अपराधी हैं। एसएसपी ने चुनाव से पहले इनकी सटीक निगरानी और परस्पर इन पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पिछले दिनों 650 ऐसे अपराधी चिह्नित कराए थे, जिन पर पिछले दस साल में तीन या तीन से अधिक अपराध दर्ज हैं। इनकी पिछले कुछ माह से लगातार हिस्ट्रीशीट खोली जा रही हैं। एसएसपी के अनुसार अब तक जो 406 हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं, उनमें कोतवाली से 21, सासनीगेट से 5, देहलीगेट से 18, बन्नादेवी से 8, रोरावर से 8, गांधीपार्क से 12, महुआखेड़ा से 22, क्वार्सी से 17, सिविल लाइंस से 6, जवां से 23, गभाना से 10, लोधा से 14, चंडौस से 13, अतरौली से 23, हरदुआगंज से 16, गोधा से 7, खैर से 27, टप्पल से 32, पिसावा से 10, इगलास से 10, गोंडा से 13, मडराक से 11, बरला से 28, विजयगढ़ से 3, अकराबाद से 16, छर्रा से 8, गंगीरी से 8, दादों से 8 व पालीमुकीमुपर से 9 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं।
- पिछले कुछ माह में जिन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं, उनकी चुनाव में परस्पर निगरानी के निर्देश सीओ व इंस्पेक्टर स्तर पर दिए गए हैं।
- कलानिधि नैथानी, एसएसपी