न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
इगलास के व्यक्ति से बीमा पॉलिसी पर बोनस देने के बहाने 70 लाख रुपये की साइबर ठगी में एक और गिरफ्तारी हुई है। साइबर थाना पुलिस ने फरीदाबाद से हैकर गैंग के बदमाश को दबोचा है। इससे ठगी की रकम में से खरीदी गई बाइक भी बरामद की है। इस साइबर ठगी में दो आरोपी पिछले माह जेल भेजे गए थे, जबकि कुछ फरार चल रहे हैं।
इंस्पेक्टर साइबर थाना सुरेंद्र सिह के अनुसार इगलास के अनिल बंसल की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था कि फोन पे कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उनकी बीमा पॉलिसी पर बोनस का झांसा देकर उनसे 70 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच में साइबर टीम ने पाया कि शुरुआत में ठगी का रुपया तीन बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। जांच में संगम विहार साउथ देहली के सूरज, वंदना एंक्लेव खोड़ा गाजियाबाद के अमर सिंह, केला गोदाम हरोला नोएडा के यश कुमार, गली नंबर दो हरोला सेक्टर-5 नोएडा के चमन कुमार, नयाबास सेक्टर-15 नोएडा के दीपक कुमार के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने 4 अप्रैल को यश कुमार व चमन उर्फ चैटा को गिरफ्तार किया।
मंगलवार रात को पुलिस ने मूल रूप से साहिबगंज थाना टाउन छपरा बिहार हाल विनय नगर थाना पल्ला सेक्टर-19 फरीदाबाद के सूरज को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल, ठगी की रकम से खरीदी बाइक, सुरभी देवी के नाम से एक आधार कार्ड व नकदी बरामद की है। इस गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के अलावा एसआई महेश कुमार, समरपाल सिंह, अतुल गुप्ता, राजेश राणा, विवेक कुमार, धीरज त्यागी आदि शामिल रहे।
पकड़ा गया सूरज बेचता है एकाउंट
जांच में उजागर हुआ है कि इस गैंग का सरगना दीपक फरार है। कोरोना काल में सूरज के सामने रोजगार का संकट हुआ तो वह दीपक के संपर्क में आया। दीपक ने कहा कि अगर वह उसे एकाउंट दिलवाएगा तो उसे मोटी रकम मिलेगी। इसी लालच में सूरज ने अपने तमाम परिचितों के एकाउंट दीपक को दिए। एवज में उसे हर लेनदेन पर रुपये मिलने लगे। यह लोग दिल्ली, फरीदाबाद-हरियाणा, नोएडा, गाजियाबाद व बिहार के कई जनपदों में जगह बदल-बदल कर संगठित गिरोह के रूप में साइबर ठगी को अंजाम दे रहे है।
पांच लाख रुपये सहित 17 खाते कराए गए फ्रीज
इस साइबर ठगी में प्रयोग में लाए गए 17 बैंक खातों में पांच लाख रुपये अब तक फ्रीज कराए गए हैं। बाकी की तलाश चल रही है।