अमर उजाला और पावना ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित अलीगढ़ ओलंपिक 2020 के पांचवें दिन मंगलवार को पॉवर लिफ्टिंग, बैडमिंटन और फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। पॉवर लिफ्टिंग में स्ट्रांग मैन का खिताब हरीश कुमार व स्ट्रांग वीमेन का खिताब शिखा ने अपने नाम किया। जबकि बैडमिंटन में अंडर 16 के बालक वर्ग में जॉन अब्बास, बालिका वर्ग में नित्या सादानी विजेता रहे। जबकि 16 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग में सूजन वार्ष्णेय व साक्षी चौहान विजेता रहे। फुटबॉल टूर्नामेंट एमयू कालेज की टीम ने जीता।
जिला स्टेडियम में आयोजित पॉवर लिफ्टिंग टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिल कुमार, उप्र ओलंपिक एसोसिएशन के सह संयुक्त सचिव मजहर-उल-कमर, स्टेडियम की पॉवर लिफ्टिंग कोच मीनाक्षी गौड़, जिला कबड्डी संघ के सचिव मो. अली, जिला बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मुजाहिद असलम, सचिव विनीत यादव, वॉलीबाल एसोसिएशन के सीनियर खिलाड़ी बिट्टू, सारिम खान, पॉवर लिफ्ंिटग एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह राघव, सचिव मुकेश कुमार ने फीता काटकर किया। जबकि विजडम पब्लिक स्कूल के बैडमिंटन हॉल में बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ डायरेक्टर अनूप गुप्ता और प्रिसिजन ओवर्सीज के चेयरमैन विजय प्रकाश बंसल ने किया।
एमयू कालेज ने जीता फुटबॉल टूर्नामेंट
अलीगढ़ ओलंपिक 2020 के अंतर्गत अलबरकात पब्लिक स्कूल के खेल मैदान पर मंगलवार को फुटबॉल के सेमिफाइनल व फाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल जीतकर एमयू कालेज ने टूर्नामेंट अपने नाम किया है।
इससे पहले टूर्नामेंट का शुभारंभ अलबरकात एजूकेशनल सोसाइटी के संयुक्त सचिव एएस अहमद मुस्तबा, फुटबॉल संघ के अध्यक्ष शिक्षाविद् डॉ. रक्षपाल सिंह, मथुरा से आए स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव कन्हैया गूजर ने खिलाड़ियों परिचय प्राप्त कर किया। पहला सेमी फाइनल मैच एमयू कालेज और इकरा पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें एमयू कालेज ने 3-1 से मैच जीता। दूसरा सेमीफाइनल मैच एएमयू प्लस टू ने स्टूडेंट फुटबॉल क्लब खैर को 2-0 से हराया। फाइनल मैच में एमयू कालेज और एएमयू प्लस टू के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। लेकिन अंत में 3-2 से टूर्नामेंट एमयू कालेज ने जीता। मैच में रैफरी की भूमिका दिलशाद अहमद, मो. नबील, मो. बिलाल और आमिर ने निभाई। स्कोरिंग नदीम और आमिर ने की। जबकि इस टूर्नामेंट का संचालन शाह मो. राशिद और तुफैल उर रहमान ने किया।
आज के टूर्नामेंट
हैंडबॉल : हैंडबॉल का शुभारंभ आज (बुधवार) सुबह दस बजे से ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल में होगा। सभी टीमें नौ बजे तक अपनी रिपोर्टिंग दें। अधिक जानकारी के लिए 9045919960 पर संपर्क किया जा सकता है।
लॉन टेनिस: लॉन टेनिस का मुकाबला आज दोपहर दो बजे से अहिल्या बाई जिला होल्कर स्टेडिमय के टेनिस कोर्ट में शुरू होंगे। सभी खिलाड़ी एक बजे अपनी रिपोर्टिंग दें। अधिक जानकारी के लिए 9997910373 पर संपर्क कर सकते हैं।
हॉकी: हॉकी का टूर्नामेंट आज दोपहर दो बजे से अलबरकात के खेल मैदान में शुरू होगा। सभी टीमें एक बजे अपनी रिपोर्टिंग दें। अधिक जानकारी के लिए 8630348845 से संपर्क कर सकते हैं।
आज आनंदेश्वर पांडेय रहेंगे मौजूद
भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष व भारतीय हैंडबॉल संघ और यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव यश भारती पुरस्कृत आनंदेश्वर पांडेय आज मौजूद रहेंगे। वह सुबह हैंडबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ भी करेंगे। साथ ही खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएंगे।
अतिथि खिलाड़ी भानू ने उठाया 210 किलो का वजन
पॉवर लिफ्टिंग टूर्नामेंट के शुभारंभ के मौके पर अतिथि खिलाड़ी के रूप में पहुंचे स्वर्ण जयंती नगर निवासी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भानू प्रताप सिंह ने 66 किलो वर्ग भार में 210 किलो का वजन उठाया। उनके वजन उठाने के अंदाज को देखकर अन्य खिलाड़ियों ने प्रेरणा ली। इसके साथ ही अतिथियों ने भी भानू का मनोबल बढ़ाया और कहा कि वह ऐसे ही अलीगढ़ का नाम देश ही नहीं विदेशों में भी रोशन करें। ऑफिशियल्स की भूमिका मास्टर हरकेश चौधरी, विवेक गौतम, योगेश शर्मा, सोनू प्रसाद, राहुल सारस्वत, दीपक शर्मा, मोहित राज सिंह, अर्पित ठाकुर, नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।
बैडमिंटन टूर्नामेंट के पदक विजेता
अंडर 16 बालक वर्ग में जॉन अब्बास प्रथम, पुरुषार्थ तिवारी द्वितीय व वेदांश शर्मा तृतीय रहे। बालिका वर्ग में नित्या सादानी प्रथम, साक्षी चौहान द्वितीय और देवांशी शर्मा तृतीय रहीं। 16 वर्ष से ऊपर के बालक वर्ग में सूजल वार्ष्णेय, प्रदीप चौधरी, जॉन अब्बास व बालिका वर्ग में साक्षी चौहान, नित्या सादानी व दिव्यांशी शर्मा क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। संचालन निमेष कुमार व लवली चौधरी ने किया। जबकि रैफरी की भूमिका में प्रवीन जादौन, आकाश राघव और आयुष चौधरी रहे।
पॉवर लिफ्टिंग के पदक विजेता
स्ट्रांग मैन हरीश कुमार व स्ट्रांग वीमेन शिखा रहीं। जबकि इसके अलावा बालक वर्ग के 53 किलो में विकास कुमार, संजीव कुमार व दीपांशु। 59 किलो में हरीश कुमार, दीपक बघेल व राजकुमार। 66 किलो में हिमांशु उपाध्याय, तनुज कुमार, पवन। 74 किलो में आनंद यादव, विवेक उपाध्याय, विष्णु सिंह। 83 किलो में हरिकेश चौधरी, रजत चौधरी व मंजीत चौधरी। 91 किलो में दिनेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार व मो. अली क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। 105 किलो में सौरभ तो 105 किलो से ऊपर अर्पित ठाकुर विजेता रहे। आफिशियल्स की भूमिका दीपक शर्मा, योगेश शर्मा, सोनू प्रसाद, राहुल सारस्वत, हरिकेश चौधरी और अरुण राज ने निभायी।
महिला वर्ग में 43 किलो में अदिति सिंह, 47 किलो में मनीषा, 72 किलो में आयुषी शर्मा विजेता रहीं। जबकि 52 किलो में मुस्कान शर्मा व खुशी यादव, 57 किलो में शिखा व सोनू क्रमश: विजेता और उपविजेता रहीं।
- ओलंपिक से पॉवर लिफ्टिंग का क्रेज सामने आएगा। इस खेल को बढ़ावा देने के लिए अमर उजाला का शुक्रिया।
- राघवेंद्र सिंह राघव, अध्यक्ष जिला पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन।
- ओलंपिक की वजह से बच्चों में बेहतर प्रतिस्पर्धा सामने आएगी। यह बच्चे आगे चलकर अलीगढ़ जनपद का नाम रोशन करेंगे।
- मुकेश कुमार, सचिव जिला पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन।
-बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इससे खिलाड़ियों के खेल में और निखार आया है।
- अनूप गुप्ता, डायरेक्टर विजडम पब्लिक स्कूल।
-अलीगढ़ के खेल को बढ़ावा देने के लिए अमर उजाला ने अच्छा प्रयास किया है। इससे नए खिलाड़ी निखरकर आएंगे।
- विजय प्रकाश बंसल, चेयरमैन प्रिसिजन ओवर्सीज।
- अलीगढ़ ओलंपिक को देखकर स्कूलों में प्रतिस्पर्धा का माहौल बना है। निश्चित ही अब अलीगढ़ से कई खिलाड़ी देश में जिले का नाम रोशन करने वाले हैं। - एएस अहमद मुस्तबा, संयुक्त सचिव अलबरकात एजूकेशनल सोसाइटी।
- अलीगढ़ ओलंपिक के स्तर को देखकर मैं स्वयं अमर उजाला से जुड़ा हूं। इससे जिले का खेल निश्चित ही कीर्तिमान स्थापित करेगा।
- डॉ. रक्षपाल सिंह, शिक्षाविद व अध्यक्ष जिला फुटबॉल संघ।
- अमर उजाला द्वारा आयोजित अलीगढ़ ओलंपिक जिले की खेल प्रतिभा को नए आयाम देगा। खिलाड़ियों के लिए इतने बड़े स्तर पर आयोजन करने के लिए अमर उजाला को धन्यवाद।
- कौशल कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी।
- ओलंपिक में भले ही किसी को निराशा तो किसी को खुशियां हाथ लगी हों। लेकिन जो खेल भावना से खेला है, वह निश्चित ही एक दिन जरूर फतह पाएगा।
- शाह मोहम्मद राशिद, खेल शिक्षक अलबरकात पब्लिक स्कूल।