शुक्रवार को कड़ी चौकसी के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हालांकि, बृहस्पतिवार से बाजार बंदी की उड़ रही अफवाह को शहर मुफ्ती व पुलिस प्रशासन ने नकारा था। इसके बावजूद पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में गुस्ताखी होने के विरोध में बाजार बंद रहे। इस दौरान ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद सहित शहर की अन्य मस्जिदों के पास फोर्स तैनात रहा। मुस्लिम इलाकों की सड़कें सूनी रहीं। पुलिस प्रशासनिक अफसरों ने इस बंदी में मुस्लिम इलाकों में रहने वाले साप्ताहिक बंदी का ज्यादा असर माना है।
जुमे की नमाज को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन ने सुबह से चौकस रहा। सेक्टर स्कीम के तहत पुलिस, पीएसी व आरएएफ तैनात की गई। नमाज से पहले ही पुलिस बल मस्जिदों के आसपास तैनात हो गया। ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद के पास तैनात पुलिस कर्मियों ने सड़क के बजाय ढकेल को किनारे लगाने के लिए कहा। इस बात पर ढकेल वाले और पुलिस कर्मी के बीच नोकझोंक भी हो गई। दोधपुर स्थित मस्जिद के पास भी पुलिस फोर्स तैनात रहा। मस्जिदों में नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन की दुआ की गई।
ऊपरकोट, जमालपुर सहित अन्य मुस्लिम इलाकों में बाजार बंद रहा। हालांकि, जुमे के चलते कारखाने बंद रहते हैं, लेकिन रोजमर्रा की दुकानें खुली रहती हैं, लेकिन इस जुमे को लोगों ने दुकानें बंद रखीं। लोगों ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी के विरोध में दुकानें बंद रखीं।
सोशल मीडिया पर भारत बंद होने का संदेश वायरल हुआ था। इसके बाद शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने वायरल संदेश को अफवाह बताया था। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने इस अफवाह से दूरी बनाने की मुस्लिमों से अपील की थी। डीएम इंद्रविक्रम सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जुमे की नमाज शांतिपूर्वक ढंग से हुई है। बाजार बंद की अफवाह कल से प्रसारित हो रही है। इसका ज्यादा असर नहीं दिखाई दिया है। चूंकि, शुक्रवार को मुस्लिम इलाकों में साप्ताहिक बंदी रहती है। इसलिए बाजार बंद रहे हैं।
--
अफवाहों से रहें दूर, रखें आपसी भाईचारा कायम - डीएम
अलीगढ़। डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसएसपी कलानिध नैथानी ने कहा कि जिले में लोग अफवाहों से दूर रहें और आपसी भाईचारा कायम रखते हुए शांति व्यवस्था में सहयोग दें। उन्होंने साफ किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटेंगे। डीएम ने एसएसपी के साथ शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान शहर के रसलगंज, देहलीगेट, कोतवाली नगर, ऊपरकोट, अब्दुल करीम चौराहा, फूल चौराहा, दही वाली गली, सराफा बाजार, सब्जी मंडी, मदारगेट आदि स्थानों का भ्रमण कर लोगों से शांति व्यवस्था बहाल रखने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की। पैदल भ्रमण के दौरान डीएम अपने पुराने दिनों में खो गए। स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों से शहर के बारे में बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। यहां एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ प्रथम अशोक कुमार सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद