प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से छर्रा क्षेत्र के छौगवां में ईंट भट्ठा के बंदी आदेश के बाद भी संचालन करने का आरोप है। कस्बा छर्रा के शिवपुरी निवासी संदीप कुमार ने डीएम से इसकी शिकायत करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चार अप्रैल को ईंट भट्ठे की बंदी के आदेश दिए थे। बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और खनन की अनुमति के ही भट्ठे का संचालन किया जा रहा है। शासन स्तर पर इसकी शिकायत की गई है ।
आरोप है कि टीम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश का पालन फाइलों में ही दर्शा दिया। जबकि भट्ठे का संचालन अभी भी किया जा रहा हैं। संदीप कुमार ने डीएम से मांग की है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश के अनुपालन में जिला व तहसील स्तर की टीम बनाकर भट्ठे का संचालन बंद किया जाए। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी जेपी सिंह के अनुसार 26 मई को जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण की संयुक्त टीम ने इस भट्ठे का संचालन बंद कराया था। भट्ठे को इलाका पुलिस की देखरेख में सौंपा गया है। अब भट्ठे के संचालन का वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए मंगलवार को फिर से टीम को छौगवां भेजा जाएगा।