मडराक के एक युवक को परिचित ने आगरा के सिपाही की मदद से लोधा से अगवा कर रुपये वसूलने के बाद जट्टारी क्षेत्र में छोड़ दिया। एसएसपी के निर्देश पर मडराक क्षेत्र के आगरा रोड केशव नगर के जितेंद्र गौतम ने लोधा में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, कथित सिपाही समेत दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
जितेंद्र ने बताया कि 20 फरवरी को उनके पास एक कॉल उनके भाई के परिचित विपिन निवासी बरौठ नौहझील मथुरा से आई। उसने उन्हें खेरेश्वर मंदिर पर किसी काम के बहाने से बुलाया। वहां विपिन ने बिना नंबर की डस्टर कार में बैठा लिया। अंदर दो वर्दीधारी व एक अन्य और मौजूद थे। कार में बैठते ही उन लोगों ने हथियार लगाकर उसके भाई को फोन कर पांच लाख रुपये मांगे। रुपये नहीं मिलने पर फर्जी एनकाउंटर में मारने या किसी झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। इस पर उनके भाई से इन लोगों ने जेवर टोल पर 70 हजार रुपये लिए। तीस हजार रुपये, सोने की जंजीर, आठ हजार रुपये जट्टारी में एटीएम कार्ड से निकलवाकर भी लिए। फिर मारपीट करने के बाद रात में फाजिलपुर रोड पर छोड़कर भाग गए। वर्दीधारी आरोपियों में से एक की नेम प्लेट पर मोनू तलान लिखा हुआ था।
जितेंद्र ने बताया कि थाने में शिकायत करने पर कोई मदद नहीं मिली। बाद में एसएसपी के निर्देश पर रंगदारी वसूली, बंधक बनाने आदि का मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ गभाना विनीत सिकरवार ने बताया कि मोनू व विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोनू आगरा में तैनात है।